जारऊ में दो महिलाओं ने दी जान
घरेलू कलह के चलते एक ने लगाई फांसी दूसरी ने खाया जहरीला पदार्थ आत्मघात जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने की पड़ताल हुआ समझौता दूसरी महिला ने तीन जनवरी को ही खाया था जहर सोमवार को हुई मौत
संवाद सूत्र, हाथरस: सादाबाद क्षेत्र के जारऊ ग्राम पंचायत के दो अलग-अलग गांवों में दो विवाहिताओं ने घरेलू कलह के चलते जान दे दी। एक की मौत की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने पड़ताल की। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया तो लौट गई। दूसरी विवाहिता का अंतिम संस्कार पुलिस को सूचना दिए बगैर ही कर दिया गया।
बास परम (जारऊ) निवासी मुकेश चौहान व उनकी पत्नी उमा के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया था। इसकी जानकारी उसने अपने मायके में दी तो उसका भाई रविवार को उसे बुलाने आया, लेकिन उमा के ससुरालीजनों ने भाई के साथ नहीं भेजा। भाई के जाने के बाद पति-पत्नी में पुन: विवाद हो गया। रात में जब सभी लोग सो गए, तब खुद को कमरे में बंद करके उमा ने पंखे से लटककर खुदकशी कर ली। विवाहिता घर में आए दिन होने वाली कलह से परेशान थी। तंग आकर उसने आत्मघाती कदम उठाया और जीवन लीला समाप्त कर ली। उमा की मौत की जानकारी मायके पक्ष के लोगों को होने पर वे मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुत्री की हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए पुलिस को सूचना दे दी। घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ उपनिरीक्षक अनिल कुमार तथा गोविदपुर चौकी इंचार्ज अनिल यादव मौके पर पहुंचे। उन्होंने पड़ताल की। बाद में गांव के प्रबुद्ध लोगों ने मायके पक्ष के लोगों को समझाया तो वे मान गए तथा दोनों पक्षों में समझौता हो गया।
उपचार के दौरान मौत
सादाबाद क्षेत्र के गांव बास मोहन में तीन जनवरी को शिवानी पत्नी सतेंद्र ने घरेलू कलह के चलते विषाक्त पदार्थ खा लिया था। इससे उसकी हालत बिगड़ गई। परिजन उसे चिकित्सक के पास ले गए। तब से उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। सोमवार तड़के उसने दम तोड़ दिया।