अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत से कोहराम
सिकंदराराऊ में अज्ञात वाहन की टक्कर से किशोर की मौत चौबे वाले महादेव मंदिर के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौत।
जागरण टीम, हाथरस : सिकंदराराऊ में हाथरस रोड पर गांव बस्तोई के निकट अज्ञात वाहन की टक्कर से किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया था। अलीगढ़ अस्पताल में दम तोड़ दिया। वहीं शुक्रवार शाम को मेंडू रोड पर चौबे वाले महादेव मंदिर के निकट ट्रेन की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई।
17 वर्षीय शिवराज निवासी गांव बस्तोई थाना हसायन शुक्रवार की सुबह गांव के पास सिकंदराराऊ- हाथरस रोड पर टहलने जा रहा था। तभी अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। इससे शिवराज गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर स्वजन एवं ग्रामीण पहुंचे। आनन-फानन शिवराज को सिकंदराराऊ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर ले गए। जहां से गंभीर हालत में अलीगढ़ रेफर कर दिया गया। अलीगढ़ में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। देर शाम को गांव में उसके शव का अंतिम संस्कार किया गया। भाजपा जिला उपाध्यक्ष बृजेश सिंह चौहान ने मृतक के घर पहुंचकर परिजनों को ढाढस बंधाया।
शुक्रवार की शाम एक युवक पैदल जा रहा था। तभी चौबे वाले महादेव मंदिर के निकट ट्रेन की चपेट में आकर उसकी मौत हो गयी। सूचना मिलने के बाद हाथरस गेट पुलिस और जीआरपी पहुंची। घटना स्थल हाथरस गेट क्षेत्र में था। इसलिए पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम हाउस पर लाकर रखवा दिया। इंस्पेक्टर मुनीषचंद्र का कहना है कि अभी शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। खिजरगंज में टूट कर गिरी
बंच केबल, टला हादसा
संसू, सिकंदराराऊ: शुक्रवार की शाम को कस्बा के मोहल्ला खिजरगंज में होकर गुजर रही बंच केबिल में फाल्ट होने के बाद आग लग गई। इसके कारण जर्जर बंच केबल सड़क पर जलकर गिर गई। इससे मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। बंच केबल गिरने के बाद भी उसमें करंट आ रहा था। इस घटना से बड़ा हादसा होने से बच गया।