जेल निर्माण की अड़चनें दूर कराएंगे : राज्यमंत्री
फोटो-22 कारागार राज्य मंत्री ने जेलों में कराए गए कार्याें की दी जानकारी ब्लर्ब- शातिर व
संवाद सहयोगी, हाथरस : कारागार एवं लोक सेवा प्रबंधन राज्यमंत्री जयकुमार जैकी ने कहा कि वे हाथरस में जेल निर्माण का रास्ता साफ कराएंगे। केवल यहां ही नहीं, बल्कि जिन भी जनपदों में जेल निर्माण की प्रक्रिया चल रही है, उन्हें गति प्रदान की जाएगी। मंत्री ने कहा कि हम 14 साल बाद सत्ता में आए हैं। लोगों को काफी उम्मीदें हैं। हम पर जिम्मेदारी बढ़ी है। इसलिए जो संकल्प सरकार ने लिया था, उसके अनुसार काम किया जा रहा है। कारागार राज्य मंत्री बुधवार की रात दाऊजी मेले में आयोजित कवयित्री सम्मेलन में आए थे। सम्मेलन में पहुंचने से पहले मैंडू गेट स्थित धर्मशाला में देर रात 11.45 पर प्रेस वार्ता की। जेलों में कुख्यात बदमाशों को विशेष सुविधा मिलने के सवाल पर राज्यमंत्री ने कहा कि जो सपा-बसपा के कार्यकाल में हुआ, वह हम नहीं होने देंगे। इसलिए आते ही जेलों को गढ़ बना चुके कुख्यात अपराधियों को शिफ्ट करने का काम किया गया। उन्होंने सुरक्षा के लिए उठाए गए कदमों की भी जानकारी दी। बोले सरकार ने प्रदेश की 12 जेलों में जैमर लगाए हैं। स्केनर, मेटल डिटेक्टर व अन्य अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। अपराधियों पर नकेल कसने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। भोजन की गुणवत्ता के सवाल पर मंत्री ने कहा कि इस ओर भी सरकार ने कदम उठाए हैं। कई जेलों के रसोई घरों को अपग्रेड किया है। इन्हें आधुनिक बनाया गया। कई जगह अभी काम चल रहा है।
राज्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रदेश हित में काम कर रही है। किसानों के लिए ऋण मोचन योजना लागू की गई है। किसानों का 36 हजार करोड़ का कर्ज माफ किया है और भी जनकल्याणकारी योजनाओं की शुरुआत की है।
जेलों में क्षमता से अधिक कैदियों के सवाल पर उन्होंने कहा कि तमाम जिलों में जेलों का निर्माण प्रस्तावित है। यही नहीं पहले से बनी जेलों की भी क्षमता बढ़ाई जाएगी। इससे इस समस्या से निजात मिलेगी। राज्य मंत्री ने कहा कि जिन जिलों में आवश्यकता है, वहां जमीन चिह्नित कराई जा रही है। महोबा, कानपुर, औरैया जिले में जगह चिह्नित हो चुकी है। हाथरस में जेल निर्माण में क्या रुकावट आ रही है, इसे प्राथमिकता पर दिखवाएंगे। जेल का निर्माण शीघ्र होगा।