फिर बिगड़ा मौसम, बादलों के आगे सूरज की नहीं चली
पिछले दिनों की बारिश से लोगों का था हाल-बेहाल किसानों को भी रास नहीं आ रही है बारिश।
जासं, हाथरस : मौसम का बिगड़ा मिजाज अभी पटरी पर नहीं लौट रहा है। बुधवार सुबह कोहरे के साथ बादल भी छाए हुए थे। दोपहर को बादलों और सूर्यदेव के बीच लुकाछिपी खा खेल चलता रहा। धूप तो निकली लेकिन राहत नहीं थी। शाम होते ही फिर गलन भरी सर्दी महसूस होती रही।
नए साल की शुरुआत मौसम के लिहाज से अच्छी नहीं हुई। कोहरे की चादर ने मौसम को और ठंडा बना दिया। इस दौरान रुक-रुककर बारिश भी होती रही। हालांकि धूप निकली, लेकिन अधिक राहत वाली नहीं रही। बुधवार को भी सुबह से मौसम खराब रहा। सुबह से शाम तक कोहरा छाया रहा। हाईवे पर कोहरा होने के कारण वाहनों को लाइट जलाकर चलना पड़ा। ठंड के कारण लोग गर्म कपड़ों में लिपटे दिखे। अलाव जलाकर ठंड से निजात पाने की कोशिश जारी रही। ठंड के कारण फुटपाथी बाजारों से लेकर शोरूम तक गर्म कपड़ों की खरीद खूब हो रही है। रूम हीटर व गीजरों की भी खूब मांग है। अधिकतम तापमान 18 डिग्री व न्यूनतम 08 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अभी इसी तरह का मौसम और रहने की संभावना जताई जा रही है। फसलों पर भी मौसम का असर
पिछले दिनों की बारिश से किसानों को नुकसान हुआ है। इस समय खेतों में आलू, सरसों, गेहूं के अलावा अन्य फसलें खड़ी हुई हैं। यहां सब्जी की फसलें भी काफी होती हैं। बारिश की व मौसम की वजह से उत्पादन प्रभावित होने से गोभी व अन्य सब्जियां महंगी भी हो गई हैं। वहीं ठंड के कारण पशु-पक्षी भी परेशान चल रहे हैं।