कोहरे की चादर ओढ़ सो गए सूर्यदेव
बादलों की घेराबंदी और हल्की बूंदाबांदी के साथ चली शीतलहर ने ठिठुराया बदला मौसम दिन में भी धुंध के कारण हेडलाइट व इंडीकेटर जलाकर चले वाहन
संवाद सहयोगी, हाथरस : गुरुवार को कोहरे की चादर ओढ़ सूर्य देव ऐसे छिपे की शीतलहर कहर ढाने लगी। पूरे दिन सूर्यदेव के दर्शन नहीं हुए। शाम को पड़ोसी जिले में बारिश और बर्फबारी के दौरान यहां भी ठंडी हवाएं चलीं और हल्का बूंदाबांदी भी हुई, जिससे ठंड ने मारक रूप अख्तियार कर लिया।
गुरुवार को सुबह घना कोहरा था। जैसे-जैसे दिन चढ़ा कोहरा कम हुआ मगर बादलों की घेराबंदी के चलते दृश्यता कम ही रही। सड़कों पर वाहन हेडलाइट जलाते हुए धीमी गति से गुजरे। दिनभर छाए रहे बादलों ने शाम को बूंदाबादी करते हुए मौसम को और ठंडा कर दिया। इस दौरान ठंडी तेज हवाएं हाड़ कंपाती रहीं।
गुरुवार को सर्दी का असर सबसे अधिक रहा। शीतलहर ने लोगों कंपकंपी छुड़ा दी। ठंड के चलते लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा था। फिर भी काम-धंधे वाले लोगों ने स्वेटर आदि गर्म कपड़े पहनकर निकलना ही उचित समझा। इस दिन कोहरे के साथ बादलों के चलते दिन भर सूर्य नारायण के दर्शन नहीं हुए। पूरे दिन ऐसा लग रहा था कि अभी-अभी दिन ढला है। इतना ही नहीं इस दिन कोहरे के चलते अंधेरा छाए रहने से दृश्यता कम रहने से वाहनों का सड़कों से गुजरना मुश्किल हो रहा था। अलीगढ़-आगरा व मथुरा- बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सभी वाहन हेडलाइट व इंडीकेटर जलाते हुए धीमी गति से गुजर रहे थे।
शाम को बादलों ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। बारिश होने से ठंड और बढ़ गई। इसके बाद तो बाजारों में लोगों ने शटर गिराते हुए दुकानों को बंद कर घर जाना ही उचित समझा। गुरुवार को वैसे भी बाजारों में दिन भर ग्राहकों की कमी के चलते चहल-पहल भी कम रही। वहीं अलीगढ़ व मथुरा आदि जनपदों में तेज बारिश होने से भी शीतलहर के चलते लोगों को जल्दी ही घर में घुसने के लिए मजबूर कर दिया। उधर मुरसान, सासनी, हसायन आदि देहात क्षेत्रों में भी ठंड का असर बढ़ गया। इसका असर उन पशुओं पर भी देखा जा रहा है जो बेसहारा हैं और जगह-जगह अस्थायी गोशालाओं में रखे गए हैं।
ईओ ने किया रैन बसेरे का
निरीक्षण, जलवाए अलाव
संसू, सादाबाद : गुरुवार को सूर्य देव के दर्शन न होने से दिनभर सर्द हवाएं कंपकंपाती रहीं। शाम को हल्की बरसात होने की वजह से नगर पंचायत को अलावों की व्यवस्था करानी पड़ी। चेयरमैन तथा अधिशासी अधिकारी ने रैन बसेरे का निरीक्षण किया। नगर पंचायत की ओर से रोडवेज बस स्टैंड के निकट सार्वजनिक शौचालय की ऊपरी मंजिल पर रैन बसेरा बनवाया गया है, जिसमें गरीब निराश्रित बेसहारा लोगों को ठंड से निजात दिलाने के लिए बिस्तर के साथ भोजन की व्यवस्था भी कराई गई है। दो दिन पूर्व बने इस रेन बसेरे का गुरुवार को चेयरमैन रविकांत अग्रवाल तथा अधिशासी अधिकारी लल्लन राम यादव ने निरीक्षण कर व्यवस्था सुनिश्चित किया। नगर पंचायत की ओर से गैस से संचालित होने वाले अलावों की व्यवस्था प्रत्येक चौराहे पर की गई। सादाबाद क्षेत्र टीटीजेड में होने के कारण नगर पंचायत पिछले वर्ष से लकड़ियों का अलाव नहीं जलवाता है। पिछले वर्ष नगर पंचायत द्वारा स्टील के गैस संचालित अलाव खरीदे गए थे।