दिनभर चलीं तेज हवाएं, बादलों से छाया अंधेरा
निकटवर्ती जिलों में बारिश तो यहां पर हुई हल्की बूंदाबांदी लोगों को उमसभरी गर्मी से मिली राहत सुहावना हुआ मौसम।
संवाद सहयोगी, हाथरस : मौसम का मिजाज गुरुवार को बदल गया। सुबह से ही बादल छाए हुए थे। हल्की बूंदाबांदी होने से मौसम सुहावना हो गया। रात में बादलों के बीच तड़तड़ाती बिजली से तेज बारिश होने का अनुमान लगाया जा रहा था।
पिछले कई दिनों से मौसम में बदलाव दिख रहा था। गुरुवार को सुबह से ही बादलों के चलते धूप नहीं दिखी। दिन में ही शाम का नजारा दिख रहा था। पूरे दिन तेज हवाएं चलती रहीं। निकटवर्ती जिला अलीगढ़ में सुबह तेज बारिश हुई। उससे भी यहां मौसम में बदलाव दिख रहा था। दोपहर बाद हवाओं के चलने से मौसम सुहावना हो गया। कई दिन से पड़ रही उमस भरी गर्मी से भी लोगों को बदलते मौसम से राहत मिलने लगी। गुरुवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री व न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन में कई बार हल्की बूंदाबांदी भी हुई। बादलों के चलते रात में भी तेज बारिश होने का अनुमान लोगों द्वारा लगाया जा रहा था। तेज हवा से बिजली आपूर्ति बाधित
जासं, हाथरस : गुरुवार को मौसम में बदलाव के चलते चली तेज हवाओं का असर बिजली आपूर्ति पर भी पड़ा। शहर से लेकर देहात तक कई स्थानों पर फाल्ट होने से बिजली का संकट पैदा हो गया।
कई दिन से बारिश न होने के कारण गर्मी पड़ रही थी। गुरुवार को अचानक मौसम बदल गया। दोपहर के वक्त तेज हवा चलने लगी। धूल भरी हवाएं चलीं। इसका असर बिजली व्यवस्था पर देखने को मिला। कई स्थानों पर तार टूटने से फाल्ट हो गए। देर शाम तक रुक-रुक कर बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। ग्रामीण क्षेत्र में फाल्ट ढूंढ़ने में समय लगने से समय पर फाल्ट सही नहीं हो पाए। इसके कारण रात को बिजली का संकट झेलना पड़ा। बिजली न होने से सबमर्सिबल नहीं चल पाए। इससे पानी का संकट पैदा हो गया।