इंस्पेक्टर राज से शीघ्र मिलेगी मुक्ति : अरुण सिंह
कार्यक्रम में जिले के पांच व्यापारियों को किया गया सम्मानित व्यापारियों के सम्मान के लिए ही बना है व्यापार कल्याण बोर्ड
संवाद सहयोगी, हाथरस : व्यापारियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराया जा रहा है। केंद्र व प्रदेश सरकार व्यापारियों का सम्मान कम नहीं होने देगी। शीघ्र ही व्यापारियों को इंस्पेक्टर राज से भी मुक्ति मिल जाएगी। इसके लिए भी सरकार प्रयासरत है।
यह उद्गार भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि व्यापारी लोगों को रोजगार देने की दिशा में भी मुख्य भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा देश में सबसे अधिक समाज सेवा की दिशा में कार्य व्यापारी वर्ग ही करता है। समाजसेवा के लिए व्यापारी अपनी कमाई का कुछ हिस्सा पहले से ही निर्धारित करके चलता है। इसीलिए व्यापारियों के योगदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा इस समय एशिया में सबसे कम टैक्स भारत में रखा गया है। टैक्स प्रणाली से आकर्षित होकर ही शीघ्र ही चाइना में हो रहा इन्वेस्टमेंट भारत में आना शुरू हो जाएगा। व्यापारियों ने जो भी समस्याएं रखी हैं उनका शीघ्र समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा।
व्यापार बोर्ड के चेयरमैन रविकांत गर्ग ने कहा प्रदेश सरकार व्यापारी संरक्षण के लिए सभी आवश्यक कदम उठा रही है। पिछली सरकारों में व्यापारियों के लिए जमाखोर आदि शब्द बोलकर अपमानित किया जाता था। भाजपा सरकार की ओर से व्यापारियों को सम्मान देने व उनके कल्याण के लिए ही व्यापार बोर्ड का राष्ट्रीय स्तर पर गठन किया जा चुका है। बस इसकी घोषणा करना बाकी है। व्यापार के विकास से देश का विकास होता है। व्यापारियों ने बोर्ड के अध्यक्ष व राष्ट्रीय महासचिव का प्रतीक चिह्न देकर जोशीला स्वागत किया। इस मौके पर विधायक सदर हरीशंकर माहौर, विधायक सिकंदराराऊ वीरेंद्र सिंह राणा, विधायक कोल (अलीगढ़) अनिल पाराशर, जिलाध्यक्ष भाजपा गौरव आर्य आदि के अलावा संयोजक आशीष गर्ग, रूपेश गर्ग, अजय टालीवाल, ललित सर्राफ, संचित गर्ग, लोकेश गर्ग, दीपक बूटिया, दाऊदयाल अग्रवाल आदि मौजूद थे।
पांच व्यापारियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में पांच व्यापारियों को सम्मानित किया गया। इसमें अक्षय अग्रवाल दिल्ली को मेटल रत्न से सम्मानित किया गया। इसके अलावा रामकिशन गर्ग, पूरनचंद खंडेलवाल, भोलाबाबू, लालता प्रसाद अग्रवाल आदि को भी सम्मानित किया गया।
मांगों को लेकर व्यापारियों ने सौंपा ज्ञापन
व्यापारियों ने अपनी मांगों को लेकर अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। इसमें उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के ओर से मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन व्यापार बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग को सौंपा गया। इस मौके पर मदन मोहन अपनावाले, अनुभव अग्रवाल, हरीशंकर वाष्र्णेय, मोहनलाल अग्रवाल आदि मौजूद थे। वहीं दूसरी ओर अशोक बागला के नेतृत्व में व्यापारियों की समस्याओं लेकर एक ज्ञापन बोर्ड के अध्यक्ष व भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव को सौंपा गया। जब बात खत्म करके
चले गए अरुण सिंह
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह को कहीं और भी जाना था इसलिए वह अपना संबोधन खत्म कर चल दिए। उनके साथ-साथ भाजपा के और नेता व व्यापारी भी चल दिए। स्टेज पर उत्तर प्रदेश व्यापार कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकांत गर्ग अकेले रह गए।