स्कार्पियो सवारों ने आढ़ती पर की फायरिग
-लाड़पुर से शहर की तरफ आते समय किया जानलेवा हमला -85 लाख की उधारी का मामला दिल्ली की फर्म पर है उधारी
जागरण संवाददाता, हाथरस : 85 लाख रुपये की उधारी के मामले में शनिवार दोपहर जलेसर रोड पर आढ़ती पर जानलेवा हमला हुआ। स्कॉर्पियो सवार हमलावरों ने रोका और उतरते ही दो फायर किए, जिसमें वे बाल-बाल बचे। आढ़ती ने कोतवाली हाथरस जंक्शन में तहरीर दी है।
हाथरस जंक्शन के गांव गंगचौली के रहने वाले देवराज सिंह की कृषि उत्पादन मंडी समिति में देव एग्रो एजेंसी के नाम से फर्म है। दिल्ली की शिव शक्ति एग्रो फर्म से उनके व्यापारिक संबंध थे। देवराज ने 2 जुलाई 2019 से 27 जुलाई तक 15 ट्रक बाजरा भेजा था। कुल 500 टन बाजरा था। लगभग एक करोड़ का माल फर्म पर पहुंच गया था, जिसमें से 84 लाख 61 हजार 584 शेष रह गए थे। शेष भुगतान न होने पर उन्होंने 19 सितंबर को कोतवाली हाथरस गेट में दिनेश कुमार निवासी मंगौरपुरी, दिल्ली, मैहुल सिंह निवासी नरौरा, राजघाट, पंकज निवासी आगरा, विशाल ट्रेडर्स राया, मथुरा, राहुल गुप्ता, हेमंत, राकेश कुमार शर्मा व विकास तिवारी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। पुलिस छानबीन में सामने आया कि जो पेन कार्ड व अन्य कागजात इन लोगों ने व्यापारी को दिए थे, वे फर्जी थे। इन ठिकानों पर कोई भी अभियुक्त नहीं मिला। हाथरस गेट पुलिस तब से धोखाधड़ी करने वालों को खोज रही है। इस बीच शनिवार को देवराज पर जानलेवा हमला हो गया। देवराज का आरोप है कि इन्हीं लोगों ने उन पर हमला किया है।
शनिवार दोपहर देवराज बाइक से लाड़पुर से गांव की ओर आ रहे थे। गांव के पास पहुंचते ही स्कॉर्पियो ने उनका रास्ता रोक लिया। देवराज के अनुसार तीन-चार लोग गाड़ी से उतरे। उनमें से एक ने फायरिग कर दी। दो गोलियां चलाईं। एक बांये हाथ तथा एक बांयी ओर पेट के पास से निकल गई। निशाना चूकने पर भी हमलावर भाग निकले। आढ़ती की सूचना पर ग्रामीण पहुंच गए। मौके पर पहुंची पीआरवी पर तैनात पुलिस कर्मियों से ग्रामीणों की नोकझोंक हुई। एसएचओ हाथरस जंक्शन मनोज शर्मा भी पहुंच गए। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद देवराज ने थाने में तहरीर दी।
कपड़ों से पार हो गईं गोलियां
देवराज के अनुसार स्कार्पियो सवार हमलावरों ने उन्हें रास्ते में रोक लिया था। साफ है कि हमलावरों ने नजदीक से फायरिग की होगी। इसके बाद भी हमलावरों का निशाना चूका। एक गोली बांये हाथ में स्वेटर व शर्ट को फाड़ते हुए निकल गई। दूसरी गोली पेट के पास से स्वेटर में छेद करते हुए निकल गई।