खस्ताहाल है सासनी-विजयगढ़ मार्ग, राहगीर परेशान
तहसील सासनी से नानऊ मार्ग काफी जर्जर हालत में हैं। गड्ढे व उखड़ी पड़ी सडकों से लोग परेशान हैं।
संवाद सूत्र,हाथरस: तहसील सासनी से नानऊ मार्ग काफी जर्जर हालत में हैं। गड्ढे व उखड़ी पड़ी गिट्टी के चलते वाहन चलाना भी चालकों को मुश्किल हो रहा है। राहगीर भी आए दिन दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। यह सड़क करीब आठ वर्षों से खराब पड़ी हुई है। शिकायतों के बाद भी इस सड़क को अभी तक नहीं बनाया गया है।
सड़कों की स्थित देहात क्षेत्रों में अधिक खराब है। सासनी से नानऊ जा रही सड़क जर्जर हालत में है। इस सड़क में जगह-जगह गहरे गड्ढे हो गए हैं। इनमें जलभराव हो जाता है। सड़क पर उखड़ी पड़ी गिट्टी पर वाहन फिसलकर दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। यह सड़क कोतवाली चौराहा से ही खराब पड़ी है। इससे राहगीरों के अलावा स्थानीय लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत अध्यक्ष लालता प्रसाद माहौर बताते हैं कि यह मार्ग नगर पंचायत के क्षेत्र में नहीं हैं। इसे दूसरे विभाग द्वारा बनाया जाना है।
मुसीबत बना 20 किलोमीटर की दूरी वाला मार्ग
सासनी से नानऊ जा रहे इस मार्ग की दूरी 20 किलोमीटर है। एटा, कासगंज व कानपुर की ओर जाने के लिए यह एक प्रमुख मार्ग है। करीब आठ साल से यह मार्ग दुर्दशा का शिकार बना हुआ है। जनप्रतिनिधियों के उदासीन रवैया के चलते यह मार्ग ठीक नहीं हो सका है।
इनका कहना है-
नानऊ-सासनी संपर्क मार्ग जर्जर हालत में है। कई साल से रोड को बनवाने की मांग की जा रही है। मगर जनप्रतिनिधि और अधिकारियों का इस ओर काई ध्यान नहीं है। मार्ग बन जाने से इस मार्ग पर हादसे रुकेंगे ।
- नवीन उपाध्याय, स्थानीय निवासी
पता नहीं कब यह मार्ग सही होगा। यह मार्ग नानऊ तक पूरा टूटा हुआ पड़ा। राहगीरों के अलावा स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। मार्ग खराब होने से यातायात के साधन भी बहुत कम हो गए हैं।
- शिव कुमार उपाध्याय, राहगीर