नवरात्र के पहले दिन उमड़ा श्रद्धा का सैलाब
नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की विधि-विधान से की गई पूजा सुरक्षा के लिए सभी प्रमुख देवी मंदिरों पर तैनात की गई पुलिस।
संवाद सहयोगी, हाथरस : शारदीय नवरात्र के पहले दिन देवी मंदिरों में श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। तड़के से ही हाथों में पूजा की थाली लिए श्रद्धालु मंदिरों की ओर जाते दिखे। घंटे व घड़ियालों की अनुगूंज के साथ भक्ति की धुन पूरे शहर को गुंजायमान करती रही। माता की जय जयकार से मंदिर परिसर गूंजने लगे। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जिले के सभी प्रमुख मंदिरों पर सुबह से ही पुलिस तैनात रही।
आश्विन मास की शुक्ल पक्ष प्रतिपदा से शारदीय नवरात्र शुरू हो जाता है। गुरुवार को शहर के सभी प्रसिद्ध देवी मंदिरों में भव्य पूजा-अर्चना सुबह से ही शुरू हो गई थी। मंदिरों और पूजा पंडालों के साथ ही घरों में पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा विधि-विधान से की गई। मंदिरों में श्रद्धालुओं की काफी भीड़ नजर आई। शहर में रमनपुर में मां चामुंडा मंदिर, मुरसान गेट के बौहरे वाली देवी मंदिर, जलेसर रोड की मां चामुंडेश्वरी मंदिर में पूजा करने के लिए भक्त लंबी कतारों में अपनी बारी का इंतजार करते दिखे। रमनपुर के चामुंडा मंदिर से कलशयात्रा निकाली गई। पातालगिरि महाराज ने पूजन किया। इसके बाद देवी भागवत कथा शुरू हुई। बौहरे वाली देवी मंदिर पर लगा मेला
बौहरे वाली देवी मंदिर व तालाब चौराहे के पास तिकोनिया मंदिर पर सुबह से ही मेला लगा हुआ था। दुकानों पर पूजा सामग्री, खेल-खिलौने, सौंदर्य प्रसाधन आदि की दुकानों पर श्रद्धालु खरीदारी करते नजर आए। सुरक्षा के लिए तैनात रही पुलिस
नवरात्र में मंदिरों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है। इसे लेकर शहर के रमनपुर व मुरसान गेट स्थित प्रमुख मंदिरों पर सुरक्षा व्यवस्था दुरस्त रखने के लिए पुरुषों के साथ महिला सिपाही भी तैनात की गई। इसके अलावा थानों के प्रभारियों ने सभी मंदिरों पर गश्त करते हुए स्थिति पर नजर बनाए रखी। देहात में सासनी, सिकंदराराऊ, सहपऊ, मुरसान के मंदिरों में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे। देहात के मंदिरों पर उमड़ी भीड़
मुरसान : शारदीय नवरात्र में नौ दिन मां दुर्गा के विविध रूपों का पूजन किया जाता है। गुरुवार को पहले दिन कस्बे के काली मंदिर, पथवारी मंदिर, चामुंडा मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालु पहुंचने लगे थे। शाम को देवी मंदिरों में आरती की गई। हवन यज्ञ में दी गईं आहूतियां
हसायन : कस्बे के पथवारी मंदिर पर हवन यज्ञ में अग्यारी का दौर सुबह से ही शुरू कर दिया गया। पथवारी छोटी व हनुमान बगीची पर कैला मैया के मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं ने शाम को भी पूजा की। मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा
सहपऊ : नवरात्र के पहले दिन मां शैलपुत्री की विधि विधान से पूजा-अर्चना की गई। नवरात्र में उपवास रखने वाले श्रद्धालुओं ने मां की लौंग, कुमकुम, घी से पूजा की। मोहल्ला बनियाना स्थित बारहसैनी धर्मशाला में मां की मूर्ति स्थापित की गई। उससे पहले कस्बे में मां का भव्य डोला निकाला गया। इस धर्मशाला में पूरे नवरात्र मां का पूजन एवं कीर्तन लगातार चलता रहेगा।