कुख्यात मोना ठाकुर ने कोर्ट में किया सरेंडर
अलीगढ़ के टप्पल में दर्ज हत्या के मामले में जमानत तुड़वाकर पहुंचा जेल
जासं, हाथरस : राजेश टोंटा गैंग का सदस्य कुख्यात मोना ठाकुर ने गुरुवार को अलीगढ़ कोर्ट में सरेंडर कर दिया है। अलीगढ़ के टप्पल थाने में अपहरण और हत्या के मामले में जमानत तुड़वाकर वह जेल गया है। फिलहाल उसे अलीगढ़ की खैर रोड पर बनी अस्थाई जेल में रखा गया है।
विकास दुबे के एनकाउंटर के बाद से ही शासन के निर्देश पर सभी जिले के कुख्यात बदमाशों की धरपकड़ तेज हुई है। इसी क्रम में हाथरस में भी टॉप टेन बदमाशों की सूची बनाकर उन्हें जेल भेजा जा रहा है। कुख्यात विनोद जाट, मोना ठाकुर जैसे बदमाशों के पोस्टर भी जगह-जगह लगाए गए थे। विनोद जाट पुलिस को चकमा देकर पहले ही आगरा में सरेंडर कर चुका है। मोना ठाकुर पुत्र रहीस पाल सिंह निवासी नगला इमलिया, हाथरस जंक्शन की तलाश पुलिस सरगर्मी से कर रही थी। उसके गांव और रिश्तेदारों के यहां पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। अलीगढ़ के टप्पल थाने में वर्ष 2017 में अपहरण और हत्या के मामले में जमानत पर चल रहा था। इस मामले में जमानत तुड़वाकर गुरुवार को उसने अलीगढ़ न्यायालय में सरेंडर कर दिया। उसे न्यायालय ने खैर रोड अलीगढ़ में बनी अस्थाई जेल में भेज दिया है। यहां कोविड-19 टेस्ट के बाद जिला कारागार अलीगढ़ में शिफ्ट कर दिया जाएगा। हाथरस जनपद में भी मोना ठाकुर पर एक दर्जन से अधिक अपहरण, हत्या, जानलेवा हमला, चौथ वसूली आदि के मामले दर्ज हैं। सदर कोतवाली में वह गैंगस्टर के मामले में वांछित चल रहा था। एसएचओ हाथरस जंक्शन विनोद कुमार ने बताया कि मोना ठाकुर को पकड़ने के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी। इसी दबाव में उसने टप्पल में दर्ज हत्या के मामले में जमानत तुड़वाकर कोर्ट में सरेंडर किया है।