दिन में गर्मी, शाम को बारिश ने दी राहत
भीषण गर्मी से पूरे दिन परेशान रहे लोग ठंडी हवा चली परेशानी का कारण बनी अघोषित विद्युत कटौती
संवाद सहयोगी, हाथरस : मंगलवार को सुबह काली घटा घिरी तो लगा कि बारिश होगी, मगर बादल हवाओं के साथ हो लिए। करीब दो घंटे बाद मौसम साफ होने से फिर भीषण गर्मी ने लोगों के सामने दिक्कतें पैदा कर दीं। लेकिन रात को करीब आठ बजे तेज बारिश से गर्मी का असर कम हुआ।
भीषण गर्मी से अभी निजात मिलती नहीं दिख रही है। सुबह व शाम रोज बादलों का डेरा दिखाई देता है, पर बारिश होती नहीं है। मंगलवार को भी ऐसा ही कुछ नजारा सुबह के समय देखने को मिला। काले व घने बादलों के चलते चारों ओर अंधेरा छाया हुआ था। ठंडी हवाएं समीपवर्ती जिलों में बारिश होने का एहसास दिला रही थीं। 11 बजे के करीब बादल आसमान से छंटते गए तो गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। तेज धूप के चलते उमस से लोगों का बुरा हाल था। रात आठ बजे बारिश के कारण मौसम ने करवट बदली। गर्मी का असर कम जरूर हुआ। हवाएं ठंडी होने से लोगों ने राहत महसूस की। सादाबाद, मुरसान, सासनी क्षेत्र में भी बारिश से मौसम ठंडा हो गया।