ब्लाक से गैरहाजिर मिले जेई समेत कई कर्मचारी
मनमानी सीडीओ ने ब्लाक सासनी पहुंचकर जानी हाजिरी की हकीकत बीडीओ ने जताई नाराजगी गैर हाजिर कर्मियों का वेतन रोका।
जागरण संवाददाता, हाथरस : सरकारी दफ्तरों में स्टाफ की हाजिरी का बुरा हाल है। ब्लाक दफ्तर से लेकर जिला स्तरीय दफ्तरों तक में समय से 50 फीसद कर्मचारी भी ड्यूटी पर नहीं आते। स्टाफ की हाजिरी की हकीकत तब सामने आई, जब मंगलवार की दोपहर 11 बजकर 40 मिनट पर सासनी ब्लाक दफ्तर का निरीक्षण करने मुख्य विकास अधिकारी साहित्य प्रकाश मिश्र पहुंच गए। वहां बीडीओ को छोड़कर जेई और अन्य कर्मचारी गैरहाजिर मिले।
मुख्य विकास अधिकारी साहित्य प्रकाश मिश्र तहसील सासनी में एक बैठक में शरीक होने गए थे। तभी उनको विकास खंड सासनी का दफ्तर नजर आया तो गाड़ी को दफ्तर की तरफ ड्राइवर से मुड़वा दिया। सीडीओ को अचानक दफ्तर में आते देख बीडीओ भी अवाक रह गए। मुख्य विकास अधिकारी ने हाजिरी रजिस्टर चेक करने पर पाया कि अवर अभियंता, आरईडी, अन्य कर्मी राकेश कुमार, अजय कुमार भारद्वाज, लेखाकार व बीओ अनुपस्थित हैं। सीडीओ ने उनके वेतन रोकने के साथ स्पष्टीकरण भी मांगा है। हाजिरी की स्थिति कमोवेश और ब्लाक दफ्तरों पर भी इसी तरह की है। यहां भी हाजिरी चेक
कर लेते साहब!
जब भी तहसील दिवस होता है, तब जिला स्तरीय अफसरों के तहसील दिवस में जाने के बाद 50 फीसद से अधिक कर्मचारी गैरहाजिर हो जाते हैं। इसके अलावा अलीगढ़ रोड स्थित महिला कल्याण विभाग दफ्तर, उप निदेशक कृषि कार्यालय के अलावा मुरसान रोड पर उद्यान विभाग में भी कर्मचारी देर से आते हैं। अनियंत्रित कार गोल चक्कर से टकराई
संसू, सिकंदराराऊ : जीटी रोड स्थित पंत चौराहा के गोल चक्कर में मंगलवार शाम का एक अनियंत्रित कार टकरा गई। इस हादसे के बार का सवार लोग भाग गए।
बताया जा रहा है कि हाथरस से मजदूरी करके कुछ लोग सिकंदराराऊ आए थे। सभी ईको कार में सवार थे। पहले यह लोग एटा रोड की तरफ गए। वहां से लौटते समय कार गोल चक्कर में जा टकराई। कार टकराने की आवाज सुनकर लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। कार सवार लोग वहां से भाग गए। हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।
हेरोइन के साथ दो युवक गिरफ्तार
संसू, सिकंदराराऊ: कोतवाली पुलिस ने दो युवकों को नशीले पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि दोनों युवक हेरोइन की पुड़िया लेकर कहीं बेचने जा रहे थे। आरोपितों ने अपने नाम शाहरुख पुत्र सद्दीक, अरमान पुत्र असगर निवासी हमदर्द नगर थाना सिविल लाइंस अलीगढ़ बताया है। उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।