पिता की फटकार से क्षुब्ध किशोर ने की आत्महत्या
सादाबाद के गांव नगला भूरा का मामला अलीगढ़ रहकर बहन के पास करता था पढ़ाई
संवाद सूत्र, हाथरस : सादाबाद के अरौठा के मजरा नगला भूरा में रविवार को एक किशोर ने फांसी के फंदे पर झूलकर जान दे दी। इससे परिवार में हाहाकार मच गया। मौके पर पुलिस पहुंची। किशोर के शव को पीएम के लिए भेजा। खुदकशी के पीछे पिता की डांट बताई जा रही है।
विवेक पुत्र तेजपाल अलीगढ़ में बहन के पास रहकर पढ़ाई करता था। पिता ट्रक चालक हैं। चार दिन पहले विवेक अलीगढ़ से गांव आया था। पढ़ाई को लेकर विवेक की कुछ शिकायतें थीं। इसलिए पढ़ाई को लेकर पिता ने डांट लगाई थी। इससे क्षुब्ध विवेक ने खुद को कमरे में बंद करके गार्डर में फंदा लगाकर लटक गया। परिजनों को जब तक इसकी खबर मिली, देर हो चुकी थी। विवेक के शव को नीचे उतारा गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के अलावा आसपास के लोगों से भी पूछताछ की। विवेक की मौत से परिवार का बुरा हाल था।
छाबी मियां बाग में
मिला युवक का शव
संसू, सादाबाद : वन विभाग गली के रहने वाले चन्द्रपाल (40) पुत्र फतेह सिंह शनिवार की रात करीब दस बजे बिना कुछ बताये चले गए थे। सुबह छाबी मियां बाग में उनका शव मिला तो घर में कोहराम मच गया। चन्द्रपाल मथुरा रोड पर पान मसाला की दुकान चलाते थे। परिजनों ने इस मामले में किसी तरह की कोई कार्रवाई नहीं की है। शव का पीएम भी नहीं कराया गया। पुलिस ने किसी तरह की जानकारी होने से इनकार कर दिया।