गरीब बेटी की शादी में मददगार बनी खाकी
पुलिस ने शुक्रवार को समाजसेवियों के साथ मिलकर महिला को बेटी की शादी का सामान व राशन उपलब्ध कराया।
संस, हाथरस : कोरोना कर्फ्यू में गरीब महिला बेटी की शादी का सामान एकत्रित न कर पाने से काफी हताश थी। उसने हाथरस गेट पुलिस से मदद की गुहार लगाई। पुलिस ने शुक्रवार को समाजसेवियों के साथ मिलकर महिला को बेटी की शादी का सामान व राशन उपलब्ध कराया।
कोतवाली हाथरस गेट के निकट स्थित चर्च के सामने लोहा पीटने वाले लोग सड़क किनारे रहते हैं। वहां रह रही ममता की बेटी की शादी शुक्रवार को थी, लेकिन कोरोना कर्फ्यू के कारण गरीब महिला अपनी बेटी की शादी के लिए सामान एकत्रित नहीं कर पाई। गुरुवार रात को महिला ने हाथरस गेट पुलिस से मदद की गुहार लगाई। पुलिस ने शहर के समाज सेवियों से संपर्क कर महिला को बेटी की शादी का सामान उपलब्ध कराया। शुक्रवार दोपहर को औद्योगिक क्षेत्र चौकी प्रभारी अरुण कुमार सिंह ने समाज सेवियों के साथ मिलकर महिला को बर्तन, गैस सिलेंडर, राशन का सामान उपलब्ध कराया। पुलिस ने अपनी ओर से महिला को 51 सौ रुपये की आर्थिक मदद की। मदद करने वालों में समाज सेवी जय शर्मा, उपवेश कौशिक, राहुल देव आदि मौजूद रहे। कोरोना काल में रोटी बांट रही वेलफेयर सोसाइटी
संस, हाथरस : गरीबों की सेवा ही ईश्वर की सच्ची भक्ति है। इसी को अपना धर्म मानकर संस्कार वेलफेयर सोसाइटी की ओर से संचालित हाथरस रोटी बैंक कोरोना काल में गरीबों को भोजन उपलब्ध करा रही है।
संस्था के प्रदेश उपाध्यक्ष उपवेश कौशिक ने बताया कि पिछली बार लगे लाकडाउन में भी संस्था ने गरीबों की सेवा में भोजन का वितरण किया था। अब फिर से महामारी से लोग जूझ रहे हैं। काम-धंधे सब ठप पड़े हुए हैं। ऐसे में लोगों के सामने भोजन का संकट खड़ा होना लाजिमी है। संस्था के पदाधिकारी व सदस्यों के सहयोग से भोजन के पैकेटों को वितरण गरीब, जरूरतमंद व सड़क के सहारे जीवन यापन करने वालों को किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही संस्था की ओर से संक्रमण से बचाने के लिए मास्क व सैनिटाइजर का भी वितरण किया जा रहा है। इसमें दीपक भारद्वाज, शैलेंद्र सांवलिया, राहुल देव शर्मा, जय शर्मा, विशाल शर्मा, शिवकुमार शर्मा, मनमोहन अग्निहोत्री मौजूद थे।