आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोपित किशोर गिरफ्तार
सदर क्षेत्र का मामला कार्टून दिखाने के बहाने दिया था घटना को अंजाम आरोपित को किशोर न्यायालय में पेश करने के बाद भेजा गया बाल सुधार गृह
जागरण संवाददाता, हाथरस : कार्टून दिखाने के बहाने आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोपित नाबालिग निकला। मोबाइल पर कार्टून दिखाने के बहाने यह किशोर बच्ची को अपने घर ले गया था, जहां गलत काम किया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना कोतवाली सदर क्षेत्र की है। मंगलवार की दोपहर बच्ची आसपास के बच्चों के साथ घर के बाहर खेल रही थी। पिता का आरोप है कि मोहल्ले का ही 15 वर्षीय किशोर बच्चों को बहला-फुसला कर कार्टून दिखाने के बहाने अपने घर ले गया। आरोप है कि बाकी बच्चों को वापस भेज दिया, लेकिन उनकी बेटी को रोक लिया। किशोर ने बच्ची के साथ गलत काम किया। घर आकर बच्ची ने मां को घटना के बारे में बताया। परिजन शिकायत करने आरोपित के घर गए तो उसके परिवार वालों ने उन्हें धमकाया तथा समझौते के लिए दबाव बनाया। बुधवार को वे शिकायत दर्ज कराने के लिए कोतवाली सदर पहुंचे। पुलिस ने आरोपित किशोर के खिलाफ दुष्कर्म व पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। बच्ची को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा गया। किशोर को घर से ही गिरफ्तार कर लिया गया। उसे किशोर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से बाल सुधार गृह, मथुरा ले जाया गया।