सरकारी कार्यालयों में करवाचौथ का असर
सुबह से कम रही फरियादियों की संख्या छाया रहा सन्नाटा -नवविवाहित कर्मचारियों को उदारता पूर्वक दिया गया अवकाश
संवाद सहयोगी, हाथरस : करवा चौथ पर्व को लेकर महिलाओं में ही नहीं, पुरुषों में भी उत्साह देखा गया। गुरुवार को कार्यालय खुलते ही पर्व की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया। हालांकि सुबह से ही कार्यालयों में फरियादियों की संख्या भी कम रही। दोपहर बाद से तो अधिकतर कार्यालयों में सन्नाटा पसरना शुरू हो गया।
गुरुवार को सुबह से ही कार्यालयों में रौनक कम थी। करवाचौथ के चलते फरियादियों की संख्या भी अधिकतर कार्यालयों कम ही रही। कार्यालय के कर्मचारियों ने अपना अधिकतर समय पर्व की चर्चा करने के साथ विभागीय कार्य निपटाया। दोपहर बाद से तो कर्मचारियों ने अवकाश आदि लेकर कार्यालय से पलायन कर सीधे बाजार पहुंचे। महिला कर्मचारियों को इस दिन अधिकतर कार्यालयों के साथ शिक्षण संस्थानों में पहले से ही अवकाश स्वीकृत कर दिया गया था। कुछ अधिकारी व कर्मचारी तो पर्व के या घरवाली के दबाव बस एक दिन पहले ही अवकाश पर चले गए थे। कुछ ने गुरुवार को दोपहर बाद से अवकाश लेकर घर की ड्यूटी निभानी जरूरी समझा। कुछ कार्यालयों में तो खाली पड़ी कुर्सियों को देखते हुए सभी को करवाचौथ की महत्ता समझ आ रही थी। कार्य में व्यस्त दिखे कर्मियों को देखकर लोग यही अंदाज लगा रहे थे कि शायद इनकी कहीं पर्व में दिलचस्पी तो कम तो नहीं हो गई। नवविवाहित जोड़े तो कार्यालय में कम ही दिख रहे थे। अधिकारियों ने मजबूरी भांपते हुए उन्हें गिफ्ट के साथ अवकाश देने में भी उदारता दिखाई।