विवाहिता की हत्या में पति व सास गिरफ्तार
संवाद सहयोगी हाथरस कोतवाली हाथरस जंक्शन के गांव पुरा खुर्द में विवाहिता को ससुरालीजनों ने अतिरिक्त दहेज न देने पर कथित तौर पर मिट्टी का तेल डालकर जला दिया था। पुलिस ने सोमवार को आरोपित पति व उसकी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
संवाद सहयोगी, हाथरस : कोतवाली हाथरस जंक्शन के गांव पुरा खुर्द में विवाहिता को ससुरालीजनों ने अतिरिक्त दहेज न देने पर कथित तौर पर मिट्टी का तेल डालकर जला दिया था। पुलिस ने सोमवार को आरोपित पति व उसकी मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
महेश पुत्र रामानंद निवासी राहुल नगर थाना जगदीशपुरा, बोदला (आगरा) ने अपनी पुत्री नेहा (21)की शादी साहब सिंह पुत्र उलफत सिंह निवासी पुराखुर्द के साथ करीब दो वर्ष पूर्व की थी। आरोप था कि अतिरिक्त दहेज को लेकर नेहा के ससुरालीजन खुश नहीं थे। आए दिन प्रताडि़त करते थे। कई बार विवाहिता के परिजनों ने ससुराल आकर उनको समझाया, लेकिन ससुराल पक्ष के लोगों ने दहेज की जिद नहीं छोड़ी। आरोप है कि 31 मई को विवाहिता के ऊपर मिट्टी का तेल डालकर आग लगा दी गई, जिससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। पहले जिला अस्पताल, फिर अलीगढ़ के जेएन मेडिकल कालेज रेफर किया गया। चार जुलाई को उसने दम तोड़ दिया। पिता ने पति व सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने सोमवार को पति साहब सिंह तथा उसकी मां भूरी देवी को गिरफ्तार कर लिया।
ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज
संस, हाथरस : कोतवाली चंदपा के गांव कुंवरपुर में रविवार को संदिग्ध परिस्थिति में विवाहिता की मौत हो गई थी। परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पति सहित छह ससुरालियों पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। रविवार की सुबह मुन्नी देवी पुत्री महेंद्र निवासी कुंवरपुर का शव फंदे से लटका मिला था। सूचना पर मायके वाले कुंवरपुर पहुंचे। मृतका के पिता महेंद्र सिंह ने अतिरिक्त दहेज की मांग पूरी न होने पर पुत्री को मारकर फंदे पर लटका देने का आरोप लगाते हुए तहरीर कोतवाली चंदपा में दी थी। पुलिस ने रविवार रात ही पति योगेश कुमार, ससुर नेत्रपाल, जेठ नरेंद्र, देवर जितेंद्र व ओमवीर के अलावा सास शकुंतला देवी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।