सड़क हादसों में भारत में होती हैं सबसे अधिक मौत
विश्व स्मृति दिवस - मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए किया राजयोग -अशांत मन से न चलाएं बेतरतीब वाहन
जागरण संवाददाता, हाथरस: विश्व स्मृति दिवस पर रविवार को प्रजापिता ब्रह्माकुमारीज विश्वविद्यालय की आनंदपुरी कॉलोनी शाखा पर सड़क दुर्घटना में मृत लोगों की आत्मा की शांति के लिए राजयोग किया गया। कैंडल जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। राजयोग प्रशिक्षण के दौरान बीके शांता बहन ने बताया कि सड़क दुर्घटना में रोजाना विश्व में लाखों लोगों की मौत होती है। इसमें भारत में मरने वाले लोगों की संख्या सबसे अधिक है। दुर्घटनाओं को कम करने के उद्देश्य से नवंबर माह यातायात माह के रूप में मनाया जाएगा। विश्व स्वास्थ्य संगठन नवंबर के तीसरे रविवार को सड़क दुर्घटना में मृत लोगों की याद में विश्व स्मृति दिवस मनाता है। इसी के अंतर्गत संस्था के राजयोग एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन के यातायात व परिवहन प्रभाग की ओर से पूरे भारतवर्ष में ब्रह्माकुमारीज केंद्रों पर यह दिवस मनाया जाता है।
कहा कि दुर्घटनाओं के पीछे असावधानी के साथ-साथ इंसान के अंदर बढ़ रहे लालच, क्रोध, जलन, द्वेष व प्रतिस्पर्धा का घर कर जाना बहुत महत्वपूर्ण है। मन अशांत होने के कारण व्यक्ति बेतरतीब वाहन चलाता है। इसके लिए परमपिता परमात्मा शिव ने राजयोग के साथ-साथ कर्मयोग की भी शिक्षा दी है। कर्मयोगी, राजयोगी का जीवन शांत, शीतल, निश्चिंत हो जाता है। इस क्रम में हसायन, मडराक, सासनी सहित ग्रामीण अंचलों में अन्य शाखाओं पर राजयोग में ब्रह्मावत्सों ने भाग लिया।