खोदाई के दौरान दिखने लगीं पुराने तालाब की सीढि़यां
तालाब के सुंदरीकरण के लिए इन दिनों उसकी खोदाई का कार्य चल रहा है।
संवाद सहयोगी,हाथरस: तालाब के सुंदरीकरण के लिए इन दिनों उसकी खोदाई का कार्य चल रहा है। सड़क से करीब 20 फुट तक खोदाई का कार्य हो चुका है। अब पुराने तालाब की सीढि़यां, तलहटी, कुआं, टिकरी आदि दिखने लगा है। गुरुवार को इसका निरीक्षण नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा ने पालिका के अधिकारियों के साथ किया।
नगर पालिका द्वारा तालाब चौराहा स्थित तालाब का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। इसके लिए झांसी की निजी कंपनी द्वारा खोदाई कार्य कराया जा रहा है। नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा पालिका की टीम के साथ तालाब पर पहुंचे। वहां उन्होंने कंपनी द्वारा किए जा रहे खोदाई कार्य का निरीक्षण किया। टीम में ईओ डा. विवेकानंद गंगवार, एई डंबर सिंह आदि मौजूद थे।
एक साल में बदल जाएगी तालाब की सूरत
करीब 50 वर्षों बाद तालाब से सिल्ट हटाई जा रही है। इसमें करीब 18 फुट तक सिल्ट जमी हुई है। खोदाई के दौरान इसमें पुराने कुंए, पानी आने के द्वार व टिकरी के अलावा सीढि़यां निकल रही हैं। जो उस दौरान की ककइया ईंटों से बनी हुई हैं।
छह करोड़ की लागत हो रहा काम
शहर की पहचान रहे तालाब का सुंदरीकरण छह करोड़ रुपये की लागत से कराया जाना है। इसके लिए पहली किस्त के रूप में दो करोड़ रुपये नगर पालिका को मिल चुका है। इसे पर्यटन की ²ष्टि से विकसित करने की योजना है। यहां म्यूजिकल फाउंटेन, फूड पार्क, वोटिग समेत घूमने फिरने के लिए स्थल को विकसित किया जा रहा है।
इनका कहना है:
तालाब चौराहा पर बने तालाब का सुंदरीकरण कराया जा रहा है। करीब छह करोड़ की धनराशि से यह कार्य होगा। दो करोड़ की धनराशि अब तक मुक्त हो चुकी है। उसी से यह कार्य कराया जा रहा है।
- आशीष शर्मा, चेयरमैन