Hathras Case : हाथरस में टकराव की स्थिति, आरोपितों के समर्थन में एकजुट सवर्ण समाज
Hathras Case News अमानवीयता के कारण मृत दलित युवती को न्याय दिलाने की खातिर जहां राजनैतिक पार्टियां एकजुट हो रही हैं वहीं आरोपितों के पक्ष में भी बड़ी संख्या में लोग एकजुट हैं। यह लोग पड़ोस के गांव बघना में एकत्रित हैं और चारों ही आरोपितों को निर्दोष बताया।
हाथरस, जेएनएन। प्रदेश का हाथरस जिला आजकल राजनीति का बड़ा अखाड़ा बन गया है। यहां पर 14 सितंबर को अमानवीयता के कारण मृत दलित युवती को न्याय दिलाने की खातिर जहां राजनैतिक पार्टियां एकजुट हो रही हैं, वहीं आरोपितों के पक्ष में भी बड़ी संख्या में लोग एकजुट हैं। यह लोग मृत दलित युवती के पड़ोस के गांव बघना में एकत्रित हैं और इन सभी ने चारों ही आरोपितों को निर्दोष बताया है।
हाथरस के बूलगढ़ी गांव के प्रकरण में जेल भेजे गए आरोपितों के पक्ष में अब दूसरा पक्ष लामबंद हो गया हैं। पड़ोस के गांव बघना में शुक्रवार की सुबह से ही सवर्ण समाज के लोग एकजुट हैं। यह सभी स्वर में चारों आरोपितों को निर्दाेष बता रहे है। जिसके कारण हाथरस जिला तथा पुलिस प्रशासन के हाथ-पांव फूल गए हैं। प्रशासन ने हाथरस के सारा पुलिस बल बूलगढ़ी गांव में लगा दिया है। इसके साथ ही पीएसी भी तैनात है। इतनी सुरक्षा के बाद भी पड़ोस के गांव की हलचल के बाद पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों में बैचेनी और बढ़ गई हैं। पुलिस की चौकसी और बढ़ाई जा रही हैं।
हाथरस की कोतवाली चंदपा के बूलगढ़ी में 14 सितंबर को वाल्मीकि युवती पर जानलेवा हमला हुआ। उसके बयानों के आधार पर पुलिस ने छेड़छाड़ फिर सामूहिक दुष्कर्म की धाराओं का इजाफा कर चार आरोपितों को जेल भेज दिया था। पीड़िता की 29 सितंबर को मौत हो गई। फोरेंसिक जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म की पुष्टि नहीं हुई। शुक्रवार को आरोपितों के पक्ष में सवर्ण समाज एकजुट हो गया हैं। वह इस मामले को लेकर अपनी रणनीति बना रहे हैं।
विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने की सीएम योगी आदित्यनाथ से बात
हाथरस में सिकंदराराऊ से विधायक वीरेंद्र सिंह राणा ने बूलगढ़ी प्रकरण को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से वार्ता की। उन्होंने इस प्रकरण के संबंध में मुख्यमंत्री को सिलसिलेवार पूरी जानकारी दी है। मुख्यमंत्री ने भरोसा दिलाया है कि किसी भी निर्दोष के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं होगी। उन्होंने कहा कि हम निर्दोष लोगों के साथ हैं, किसी भी निर्दोष को फंसने नहीं दिया जाएगा।
इसके साथ ही विधायक ने कहा कि हमारी पीड़ित पक्ष के साथ पूरी सहानुभूति है। जो व्यक्ति घटना में दोषी हो उस पर कार्रवाई होनी चाहिए। इस प्रकरण में किसी भी निर्दोष को नहीं फंसने दिया जाएगा। सभी लोग धैर्य से काम लें। विधायक ने लोगों ने कहा कि राजनीतिक रोटियां सेकने वालों से सावधान रहें। इस घटना में पूरी तरह न्याय पूर्ण कार्रवाई होगी। इस मामले में जिन लोगों ने निर्दोषों को फंसाने का काम किया है, उन्हेंं जनता माफ नहीं करेगी।