किशोरी पर तेजाब डालने का आरोप चार भाइयों पर
कुरसंडा का मामला दोनों परिवारों में काफी समय से चल रहा विवाद किशोरी के ट्यूबवेल पर पानी पीने के दौरान हमले का लगाया आरोप
संवाद सूत्र, हाथरस : सादाबाद के गांव कुरसंडा की महिला ने अपनी बेटी के साथ शुक्रवार दोपहर कोतवाली पहुंची। महिला ने गांव के ही चार सगे भाइयों पर तेजाब से हमले का आरोप लगाया। महिला की शिकायत पर लड़की को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए भेजा। पुलिस ने चारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
मुन्नी देवी पत्नी मिहीलाल सिंह ने एसपी, विपिन, गुंजन व हेमंत के खिलाफ एफआइआर दर्ज कराई है। महिला के अनुसार दोपहर के समय वह खेत पर काम करने गई थी। 16 वर्षीय बेटी कुमकुम भी साथ चली गई थी। काम करते समय वह पानी पीने ट्यूबवेल पर चली गई। यहां पहले से मौजूद इन चारों युवकों ने उसे पकड़ लिया तथा खरीखोटी सुनाने लगे। इसके बाद एक बोतल से तेजाब कुमकुम पर फेंक दिया। कुमकुम के पैरों पर तेजाब गिरा है। साथ ही शरीर के अन्य हिस्सों पर छींटें आई हैं। लड़की के चीखने पर मुन्नी देवी दौड़कर पहुंचीं। आरोपित किशोरी व उसके परिवार को खत्म करने की धमकी देकर फरार हो गए। इसके बाद परिजनों के साथ ये लोग शिकायत करने थाने आए। प्राथमिक उपचार के बाद लड़की घर चली गई।
पुलिस व गांव वालों के अनुसार महिला व आरोपित युवकों के परिवार में पिछले एक साल से रंजिश चल रही है। बीच में पंचायत भी हुई थी। एसएचओ अरविद राठी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले चिकित्सकीय परीक्षण कराया, फिर रिपोर्ट दर्ज की गई। आरोपितों को पकड़ने पुलिस गई, लेकिन वे नहीं मिले। हमले की वजह जो भी है वह जांच के बाद पता चलेगी।