कोहरे ने थामी वाहनों की रफ्तार
आगरा मार्ग पर लाइन लगाकर लाइट जलाकर चले वाहन गली मोहल्लों में भी कोहरे की मार से लोग हुए लाचार
संसू, हाथरस : सर्दी बढ़ने के साथ ही सोमवार को सादाबाद में कोहरे ने भी दस्तक दे दी। तड़के घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। राजमार्ग पर लाइन लगाकर लाइट जलाकर वाहन धीरे-धीरे रेंगने को मजबूर हो गए थे।
हाल ही में बारिश होने के बाद ही सर्दी बढ़ गई थी। रविवार से कोहरे का आगमन भी हो गया। सोमवार को घने कोहरे के चलते कस्बा तथा देहात क्षेत्र में वाहन चालकों को परेशानी हुई। सुबह स्कूली बच्चों को ठंड का सामना करना पड़ा। लोगों ने अलाव जलाकर राहत पाने की कोशिश की।
सादाबाद क्षेत्र में सबसे ज्यादा आलू की फसल बोई जाती है। बताते हैं कि आलू में पानी लगाने से भी कोहरा बनता है। सोमवार की सुबह आगरा मार्ग पर वाहनों की रफ्तार थम सी गई थी। वाहन धीरे धीरे चलने को विवश दिखे। कोहरे के कारण जनजीवन पर भी असर पड़ा है। प्रतिदिन टहलने जाने वालों में अधिकांश लोग कोहरे के कारण टॉर्च लेकर निकले।