फार्मासिस्ट, पुलिसकर्मी समेत पांच पॉजिटिव
अब जिले में कुल केस 282 हो गए जबकि एक्टिव केस 46 हैं ब्लर्ब संक्रमितों में जिला अस्पताल के फार्मासिस्ट के साथ उनकी मां व सहपऊ का पुलिसकर्मी भी शामिल
जासं, हाथरस : जिले में शनिवार को पांच लोगों की कोरोना की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इनमें जिला अस्पताल के फार्मासिस्ट, उनकी मां, सहपऊ का पुलिसकर्मी भी शामिल है। इसके साथ ही जिले में कुल केस 282 हो गए हैं, जबकि एक्टिव केस 46 हैं।
सादाबाद निवासी 48 वर्षीय फार्मासिस्ट जिला अस्पताल परिसर में ही रहते हैं। पिछले दिनों उनकी 70 वर्षीय मां भी यहां आई हुई थीं। दो दिन पहले उनकी तबीयत खराब होने पर दोनों का सैंपल जांच के लिए भेजा गया था। जांच रिपोर्ट में दोनों को कोरोना की पुष्टि हुई है। सादाबाद के बिसावर कस्बा निवासी युवक राजकोट (गुजरात) में काम करता था। वह शनिवार को राजकोट से लौटा था। उसने जिला अस्पताल में जांचकर सैंपल दिया तो उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई। तीनों को एल वन हॉस्पिटल मुरसान भेजा गया। उधर सहपऊ क्षेत्र के गांव मानिकपुर जलेसर रोड निवासी 38 वर्षीय पुलिस आरक्षी शिकोहाबाद में तैनात है। बीते सोमवार को उनके एक साथी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। इसके बाद पांच दिन पहले वे घर आ गए थे। शुक्रवार को यहां से वह ड्यूटी पर चले गए। वहां उनकी कोरोना की जांच हुई तो रिपोर्ट पॉजिटिव आई। रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने की सूचना पर स्थानीय स्वास्थ्य विभाग की टीम मानिकपुर पहुंची। परिवार के 11 लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। उनके संपर्क में आये 60 लोगों का रैपिड एंटीजन टेस्ट किया गया जिसमें सभी निगेटिव मिले हैं। सादाबाद के गांव बिलारा निवासी 32 वर्षीय फौजी मुजफ्फरपुर (बिहार) में तैनात है। वह छुट्टी लेकर गांव आया है। शुक्रवार को उसने आगरा जाकर अपनी जांच कराई तो उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।
कोरोना मीटर
कुल केस / 24 घंटे में 282/5
सक्रिय केस/24 घंटे में 46/5
स्वस्थ्य हुए /24 घंटे में 232/7
कुल मौते/24 घंटे में 4/0
कुल टेस्ट /24 घंटे 16470/782 पालिका ने शहर में सैनिटाइज कराए हॉट स्पॉट क्षेत्र
संवाद सहयोगी, हाथरस : नगर पालिका ने शनिवार को शहर में सैनिटाइजेशन अभियान चलाया। इसमें हॉटस्पॉट क्षेत्रों के साथ शहर के भी तमाम इलाके सैनिटाइज किए गए। पालिकाध्यक्ष ने आगामी पर्व पर भीड़ से बचने के लिए नियमों के पालन की अपील की।
पालिकाध्यक्ष आशीष शर्मा के निर्देश पर सुबह के समय पालिका की टीम ने आशीर्वाद धाम कालोनी, आगरा रोड, किला गेट, सादाबाद गेट आदि को सैनिटाइज किया। शाम के समय मधुगड़ी, मुरसान गेट, अलीगढ़ रोड, मंडी समिति, पीडब्लूडी गेस्ट हाउस के अलावा बैंक व अन्य सरकारी कार्यालय परिसरों पर दवा का छिड़काव कराकर उन्हें सैनिटाइज किया।
पालिकाध्यक्ष ने कहा है कि पर्वों पर सफाई व्यवस्था का विशेष अभियान चलाया जा रहा है।साफ-सफाई के साथ इलाके को सैनिटाइज भी कराया जा रहा है। कोरोना संक्रमण को लेकर इस बार सभी पर्व घरों में ही मनाए जा रहे हैं। उन्होंने संक्रमण से बचने के लिए मास्क लगाने व भीड़ से बचने के लिए लोगों को जागरूक किया। चेयरमैन ने बांटे मास्क व सैनिटाइजर
संसू, हसायन : कस्बे के मोहल्ला दखल में पूर्व चेयरमैन गिरीश शर्मा के प्रतिष्ठान पर हाथरस नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा ने भाजपा की ओर से मास्क व सैनिटाइजर वितरण किया।
साबुन से हाथों को साफ करने, सैनिटाइजर का प्रयोग करने, शारीरिक दूरी बनाए रखने आदि नियमों के बारे में लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर पूर्व चेयरमैन गिरीश शर्मा, चेयरमैन पति चंद्रप्रकाश माहौर, भाजपा नेता भूरा पहलवान, व्यापार मंडल अध्यक्ष मनोज कुमार गुप्ता आदि उपस्थित रहे।