शिक्षक के बंद घर से लाखों की चोरी
-शहर के विनोद विहार कॉलोनी व तमनागढ़ी में चोरों ने दिया घटना को अंजाम -शादी समारोह में गया हुआ था परिवार पुलिस छानबीन में जुटी
जागरण संवाददाता, हाथरस : शहर में चोरियों का सिलसिला अभी थमा नहीं है। लगातार घटनाएं हो रही हैं। शनिवार रात चोरों ने विनोद विहार कॉलोनी में शिक्षक के घर से लाखों रुपये की चोरी को अंजाम दिया। छानबीन के लिए पुलिस अधिकारी पहुंचे, लेकिन चोरों का कुछ पता नहीं चला।
अनुरोध शर्मा पुत्र राजेंद्र शर्मा निवासी महमूदपुर हसायन के प्राथमिक विद्यालय सराय में शिक्षक हैं। कई सालों से वे परिवार के साथ विनोद विहार कॉलोनी में रह रहे हैं। शनिवार को वे परिवार के साथ साढ़ू के बेटे की शादी में गए थे। सुबह लगभग साढ़े तीन बजे परिवार शादी समारोह से लौटकर घर पहुंचा। घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देख परिवार के होश उड़ गए। सारा सामान बिखरा पड़ा था। अनुरोध के अनुसार चोर एक लाख 78 हजार रुपये तथा लगभग चार लाख रुपये के जेवरात चोरी कर ले गए। सुबह चोरी की जानकारी पर एएसपी सिद्धार्थ वर्मा, सीओ सिटी रामशब्द व हाथरस गेट पुलिस पहुंची। फोरेंसिक टीम को भी छानबीन के लिए बुलाया गया। अनुरोध ने घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
एक नहीं कई गिरोह हैं सक्रिय
शहर में एक नहीं, बल्कि कई गिरोह सक्रिय हैं। हाल ही में हाथरस गेट पुलिस ने घरों में चोरी कर रहे गिरोह का पर्दाफाश किया था। छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था। इसके बाद भी चोरियों का सिलसिला थमा नहीं है। रविवार रात फिर घटना हो गई। दूसरी ओर कोतवाली सदर में हुईं चोरियों का भी पर्दाफाश नहीं हुआ है। शादी समारोह में गेस्ट हाउस से होनी वाली चोरियों में अलग गिरोह का हाथ है।