करंट लगने से घायल रोडवेज कर्मी की मौत
जयपुर में शुक्रवार देर रात दम तोड़ा
जागरण संवाददाता, हाथरस: परिवहन निगम की क्षेत्रीय कार्यशाला, अलीगढ़ में तैनात हाथरस के रहने वाले कर्मचारी की उपचार के दौरान मौत हो गई। एक सप्ताह पहले वे वर्कशॉप में काम करते समय वे करंट लगने के कारण घायल हुए थे। परिजन उन्हें जयपुर ले गए थे, जहां शुक्रवार देर रात दम तोड़ दिया।
आवास विकास कॉलोनी, एमएलडीवी वाली गली के रहने वाले प्रेमप्रकाश शर्मा(58) रोडवेज कर्मचारी थे। पिछले कई सालों से वे क्षेत्रीय कार्यशाला, अलीगढ़ में तैनात थे। 10 अक्टूबर को वे वर्कशॉप में काम कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें करंट लगा। अलीगढ़ में दिखाने के बाद परिजन उन्हें आगरा ले गए थे। आगरा में हालत में सुधार न होने पर उन्हें जयपुर ले जाया गया। जयपुर में भी उनकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ। शुक्रवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। सुबह मौत की खबर मिलते ही रोडवेज कर्मचारियों में शोक की लहर दौड़ गई। दोपहर को उनका शव जयपुर से हाथरस पहुंचा। यहां काफी संख्या में लोग मौजूद रहे। रोडवेज कर्मचारी भी पहुंचे तथा परिजनों को सांत्वना दी।