ईदगाह पर बनी दीवार को लेकर हुआ विवाद
पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों ने शांत कराया मामला, दीवार हटाने के निर्देश
संवाद सूत्र, हाथरस : सासनी में मुहर्रम से पहले इंतजामिया कमेटी द्वारा ईदगाह परिसर में किए गए निर्माण से मुस्लिम समाज नाराज है। सोमवार को नाराज लोग शिकायत लेकर थाने पहुंच गए। एसडीएम अंजुम बी एवं ज्योत्सना बंधु एवं प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र ¨सह ने स्थिति को देखते हुए ईदगाह को निरीक्षण कर दोनों पक्षों को शांति सौहार्द पूर्व वातावरण में मुहर्रम मनाने की हिदायत दी।
एक पक्ष का आरोप है कि इंतजामिया कमेटी ने अवैध निर्माण द्वारा ईदगाह में प्रवेश करने वाले मार्ग को अवरुद्ध कर दिया है। इसके कारण समाज के लोगों में गुस्सा पनप उठा है। हालांकि अधिकारियों से हुई वार्ता के दौरान इंतजामिया कमेटी के सदस्य आने से कतरा रहे थे। घंटों हुई माथा पच्ची के बाद अधिकारियों ने दोनों पक्षों के साथ स्थल का निरीक्षण किया। अधिकारियों के साथ लेखपाल और राजस्व निरीक्षक की टीम थी। अधिकारी इस बात से सहमत थे कि अवैध निर्माण द्वारा आवागमन अवरुद्ध किया गया है। अधिकारियों ने दोनों पक्षों को हिदायत दी कि मुहर्रम से पूर्व अवैध निर्माण हटाकर स्वयं इंतजामिया कमेटी द्वारा रास्ता सुचारू करा दिया जाएगा। दीवार हटाने के बाद इंतजामिया कमेटी पुलिस को जानकारी देगी।