कांग्रेसियों ने की हाईवे रोकने की कोशिश, प्रदर्शन
एटा कासगंज मथुरा मेरठ गाजियाबाद से आए थे कांग्रेसी बूलगढ़ी जाने से रोकने पर उग्र हुए कांग्रेस के कार्यकर्ता
जागरण संवाददाता, हाथरस : बूलगढ़ी में पीड़िता से मिलने से रोकने पर बिफरे कांग्रेसियों ने चंदपा थाने के पास हाईवे को रोकने की कोशिश की और नारेबाजी करते हुए हाईवे पर आकर प्रदर्शन और हंगामा किया। पुलिस की सख्ती को देखकर कांग्रेसियों को यहीं पर प्रदर्शन खत्म करना पड़ा। यहां हाथरस के अलावा एटा, मथुरा, गाजियाबाद और मेरठ तक से कांग्रेस के पदाधिकारी आए थे।
बुधवार की दोपहर में कई जनपद जिनमें एटा, मथुरा और मेरठ के अलावा गाजियाबाद के कांग्रेसी शामिल थे। इन सभी ने हाथरस के जिलाध्यक्ष विक्रमादित्य के साथ बूलगढ़ी जाने की कोशिश की तो सभी कांग्रेसियों को पुलिस ने रोक दिया। इस दौरान कांग्रेसियों की झड़प भी हुई। कांग्रेसी पैदल की थाना चंदपा पर गिरफ्तारी और धरना देने को चल पड़े। इस बीच कार्यकर्ताओं ने हाईवे को रोकने की कोशिश की और नारेबाजी प्रदर्शन करते हुए थाने की तरफ बढ़ने लगे। कार्यकर्ताओं की एक टीम कई फर्श लेकर चल पड़ी। मगर पुलिस का सख्त रवैया देख थाने से पहले की वापस हो गए। प्रदर्शन करने वालों में प्रदेश महासचिव संजीव शर्मा, प्रदेश सचिव योगेश तालान, प्रदेश महामंत्री बदरुद्दीन और एससी एसटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदीप नरवाल थे। पुलिस को चकमा देकर बूलगढ़ी पहुंचे अलीगढ़ के कांग्रेसी
जासं, हाथरस : बूलगढ़ी जाने पर पुलिस प्रशासन ने पूरी तरह से रोक लगा दी है। मगर अलीगढ़ से आए कांग्रेस के कार्यकर्ता पुलिस को चकमा देकर बूलगढ़ी तक पहुंच गए और परिवार को सांत्वना देने के साथ सरकार पर जमकर प्रहार किए। बाद में पुलिस ने कार्यकर्ताओं को घेर लिया। पूर्व विधायक विवेक बंसल के निर्देश पर एक प्रतिनिधिमंडल खेत के रास्ते जब बूलगढ़ी जा रहा था तभी पुलिस ने आकर चारों ओर से घेर लिया, मगर कुछ कार्यकर्ता पीड़िता के पास पहुंच गए। इसके बाद प्रतिनिधिमंडल ने सड़क पर आकर सरकार के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रतिनिधिमंडल में राजू पासवान, प्रदीप रावत, बृजेश शर्मा, शाहिद खान, सुरेश लोधी, सागर सिंह तोमर, विजेंद्र बघेल अविनाश शर्मा, विनेश कुमार आदि थे।