कान्हा के अवतरण पर जमकर बरसे बादल
बुधवार आधी रात से शुरू हुआ सिलसिला गुरुवार को दिनभर रुक-रुक कर होती रही बारिश
संवाद सहयोगी, हाथरस : जिले में गुरुवार को भी झमाझम बारिश हुई। बारिश का सिलसिला कान्हा के जन्म के कुछ देर बाद ही करीब साढ़े 12 बजे शुरू हो गया था। इसके चलते सहपऊ में एक कच्चा मकान ढह गया। जगह-जगह जलभराव होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दो दिन से हो रही बारिश ने बाजारों की भी रौनक छीनी है।
सावन भले ही सूखा गया हो पर भाद्रपद धरती को तरबदतर कर रहा है।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव वाले दिन से शुरू हुई बारिश थमने का नाम नहीं ले रही है। बुधवार रात करीब बारह बजे बारिश शुरू हुई थी। जो बीच-बीच में थमने के बाद गुरुवार की दोपहर तक चलती रही। बारिश से शहर में मंडी समिति रोड, आदर्शनगर, रानी का नगला, खंदारीगढ़ी, विष्णूपुरी, औद्योगिक आस्थान आदि स्थानों पर जलभराव होने से स्थानीय लोगों के घरों में पानी घुसने लगा। वहीं इसके चलते राहगीरों को भी समस्याओं का सामना करना पड़ा। बारिश होने से भीषण गर्मी से लोगों को राहत मिली है। मकान पर पड़े छप्पर में
गरीब की बकरियां दबी
संसू, सहपऊ: दो दिन से हो रही बारिश ने देहात में कहर बरपाना शुरू कर दिया है। क्षेत्र के गांव महरारा निवासी नत्थूराम का कच्चा घर ढह गया। गुरुवार को मकान की एक दीवार गिरते ही उसके ऊपर रखा छप्पर गिर पड़ा जिसके नीचे उसकी तीन बकरियां दब गईं। वह परिवार एवं ग्रामीणों की मदद से छप्पर के नीचे दबी बकरियों को निकाल रहा था तभी मकान की दूसरी दीवार भी गिर पड़ी। इस बारिश ने एक गरीब का आशियाना छीन लिया है। गर्मी से मिली राहत
सासनी : गुरुवार को दोपहर के समय तेज हवा चलने के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश से भले ही जलभराव होने से दिक्कतें बढ़ी हों पर उमस भरी गर्मी से राहत मिली है। बिजली भी बारिश के मौसम में लोगों को खूब परेशान कर रही है। देहात के मुरसान, सादाबाद, हसायन आदि क्षेत्रों में भी बारिश से मौसम बदल गया है।