बारिश के पानी में डूब गईं शहर की सड़कें
सोमवार को दोपहर में करीब एक घंटे शहर में झमाझम हुई बारिश ब्लर्ब तेज हवाओं के चलने लोगों को मिली गर्मी से राहत मगर सड़क पर पेड़ गिरने से आवागमन बाधित
संवाद सहयोगी, हाथरस: सोमवार की दोपहर तेज बारिश ने शहर को तर-ब-तर कर दिया। जगह-जगह सड़कें जलमग्न हो गईं। देहात क्षेत्रों में भी बारिश के चलते किसान खुश नजर आए मगर कस्बों में जलभराव होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
सूखे गए सावन से परेशान लोगों को भादों सराबोर कर रहा है। सोमवार को हुई बारिश किसी खुशखबरी से कम नहीं थी। सुबह से छाए बादलों के चलते 12 बजे के करीब तेज हवाओं के साथ झमाझम बारिश हुई। करीब एक घंटे तक जमकर पानी बरसा। शहर में चारों ओर पानी ही पानी नजर आने लगा था। हवा के साथ तेज बौछारों के चलते कुछ देर के लिए सड़कों पर आवागमन भी कम हो गया। शहर में औद्योगिक आस्थान अलीगढ़ रोड की सड़क पर तीन फीट तक पानी भर गया। वहीं मुरसान गेट, खंदारीगढ़ी, मंडी समिति मार्ग, विभवनगर आदि में भी बारिश के चलते सड़कें जलमग्न रहीं। जलभराव के चलते लोगों का राह गुजरना भी मुश्किल हो गया। मुरसान रोड पर पेड़ गिरने
से दो घंटे लगा रहा जाम
तेज हवाओं के साथ हुई बारिश के चलते मथुरा-बरेली राष्ट्रीय राजमार्ग पर हतीसा के निकट एक नीम का पेड़ उखड़कर गिर पड़ा। रास्ता बंद होने से दोनों ओर लंबी कतारों में वाहन खड़े हो गए। करीब दो घंटे बाद पुलिस-प्रशासन ने क्रेन से पेड़ को हटवाया तब यातायात सुचारु हो सका। गर्मी से राहत, गली-गली में जलभराव
सिकंदराराऊ : देहात क्षेत्रों में सोमवार को झमाझम बारिश हुई। सिकंदराराऊ कस्बे के मोहल्ला रोशनगंज, नयागंज, बारहसैनी, अनल कालोनी, गढ़ी बुंदू खां, दमदपुरा, हुरमतगंज में बारिश के चलते जलभराव होने से लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो रहा है। वहीं हसायन में भी रिमझिम बारिश के चलते जलभराव से लोगों को समस्याओं का सामना करना पड़ा।
सादाबाद : लगातार विद्युत कटौती के कारण कस्बा सादाबाद में लोग परेशान थे। सोमवार की दोपहर बारिश होने से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। कस्बे की सुभाषगली में हुए जलभराव में बच्चों को डुबकी लगाकर नहाते देखा गया। वहीं मुरसान में भी बारिश होने से बाहर मौसम सुहावना रहा। पर घरों में उमस के चलते रुकना मुश्किल हो गया।