शहर में चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा, 30 लाख की बरामदगी
कासगंज के बदमाश ने बनाया था गिरोह हाथरस व बुलंदशहर के बदमाश भी शामिल शिकंजे में शातिर कासगंज का सुनार व कमरा किराए पर देने वाला समेत छह गिरफ्तार -पुलिस ने शहर की कई बड़ी चोरियों का किया पर्दाफाश पड़ताल जारी
जागरण संवाददाता, हाथरस : शहर में एक महीने से पुलिस की नाक में दम करने वाले चोरों के गिरोह को पकड़ने में एसओजी व हाथरस गेट पुलिस को कामयाबी मिली है। चार बदमाश, एक सर्राफ व किराए पर कमरा देने वाले को गिरफ्तार किया है। कासगंज के बदमाश ने गिरोह बनाया था। शहर में किराए पर कमरा लेकर घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। यह गिरोह दिन में फेरी लगाकर रेकी करता था तथा रात में चोरी करता था। पुलिस ने लगभग 30 लाख रुपये की बरामदगी दर्शाई है।
एएसपी सिद्धार्थ वर्मा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर प्रेस वार्ता कर गिरोह का पर्दाफाश किया। एसओजी प्रभारी विनोद कुमार व एसएचओ हाथरस गेट रविद्र सिंह की टीम ने बुधवार देर रात लगभग दो बजे नगला तुंदला के लिए जाने वाले रास्ते पर श्मशान गृह के चबूतरे से कुछ युवकों को हिरासत में लिया। पकड़े गए युवक चोर निकले, जो कि चोरी की योजना बना रहे थे।
पुलिस ने रिहान उर्फ जीशान पुत्र सलीम निवासी फल मंडी (बुलंदशहर), गुड्डू पुत्र नन्ने निवासी बड्डू नगर छप्पड़ वाली मस्जिद (कासगंज), आरिफ उर्फ सद्दाम पुत्र शरीफ व नसरुद्दीन उर्फ बिहारी निवासी पत्थरवाली गली, इगलास अड्डा (हाथरस) को पकड़ा। पूछताछ में सामने आया कि यही गिरोह शहर में एक महीने से चोरियां कर रहा है। ये चारों मोहल्ला नई दिल्ली, इगलास अड्डा, हाथरस निवासी सलीम पुत्र हलीम के मकान में किराए पर रह रहे थे। पुलिस ने कमरे से चोरी के आभूषण, एक लाख दो हजार रुपये व ताले काटने के लिए कटर व अन्य औजार बरामद किए। यहां से सलीम को गिरफ्तार किया गया।
एएसपी ने बताया कि गिरोह कासगंज के सर्राफ सुमित कुमार उर्फ भोले पुत्र महेशचंद्र निवासी नगला मोहन गली मिट्ठूलाल घंटाघर को जेवरात बेचते थे। सुमित को भी कासगंज से गिरफ्तार किया। उसके पास से भी चोरी के जेवरात बरामद किए गए हैं। चोरों से कैश के अलावा लगभग 700 ग्राम सोने व पांच सौ ग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं। सभी छह लोगों पर मुकदमा दर्ज कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से इन्हें जेल भेजा गया। सीओ रामशब्द भी प्रेस वार्ता में मौजूद रहे। इन घटनाओं को दिया अंजाम
कोतवाली हाथरस गेट क्षेत्र में हुई सनसनीखेज चोरी की घटनाओं को इस गिरोह ने अंजाम दिया था। एडीजी के रिश्तेदार रामेश्वर दयाल दीक्षित निवासी रमनपुर के घर में 12 नवंबर की रात चोरी हुई थी। यहां से करीब 20 लाख रुपये का जेवर गया था। लगभग सारा जेवर बरामद किया गया है। 28 अक्टूबर की रात साकेत कॉलोनी में आलू किसान प्रदीप शर्मा के घर से 11 लाख कैश व जेवरात चोरी हुए थे, लेकिन चोरों ने केवल 80 हजार रुपये मिलने की ही जानकारी दी। उसी दिन रिटायर्ड दारोगा के घर में भी चोरी की थी। 29 नवंबर की रात नगला अलगर्जी में रूबी वर्मा के बंद मकान में चोरी की थी। ये वो चोरियां हैं, जिनकी रिपोर्ट दर्ज हुई है। चोरों ने और भी कई घटनाएं कबूल की हैं, जिनके मुकदमे दर्ज नहीं हैं। एएसपी ने बताया कि दो बॉक्स ज्वैलरी के ऐसे हैं, जो कनेक्ट नहीं हुए हैं। जो दावा करेगा छानबीन के बाद उन घटनाओं को भी दर्ज किया जाएगा।