भाजपा नेता के पेट्रोल पंप पर तोड़फोड़, हंगामा
मुरसान में भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष की मुरसान-सादाबाद रोड स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक सवार युवकों ने बुधवार रात पेट्रोल देने से मना करने पर जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। यह कृत्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
संवाद सूत्र, हाथरस : मुरसान में भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष की मुरसान-सादाबाद रोड स्थित पेट्रोल पंप पर बाइक सवार युवकों ने बुधवार रात पेट्रोल देने से मना करने पर जमकर हंगामा और तोड़फोड़ की। यह कृत्य सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।
भारतीय जनता पार्टी के अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष दयाराम शीतल निवासी सादाबाद गेट की मुरसान के गांव गदाई के निकट भारत पेट्रोलियम की दयाराम एंड संस के नाम से पेट्रोल पंप है। बुधवार देर रात करीब 12 बजे दो बाइकों पर छह युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे। सेल्समैन ने पेट्रोल देने से मना कर दिया तो बाइक सवार आक्रोशित हो गए। उन्होंने ईंटों के जरिए केबिन पर पथराव कर दिया, जिससे शीशे टूट गए। वारदात के बाद पेट्रोल पंप पर मौजूद कर्मचारी दहशत में आ गए। वारदात को अंजाम देकर आरोपित बाइक सवार वहां से भाग गए। पूरी वारदात पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरोपित युवक शराब के नशे में बताए गए। पेट्रोल पंप पर हुई वारदात के बाद वहां तैनात कर्मचारी घबरा गए। पंप पर तैनात कर्मचारियों ने आनन-फानन पूरी घटना की जानकारी संचालक व इलाका पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मुरसान कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सीसीटीवी का फुटेज भी खंगाला, जिसमें युवक पत्थर मारते दिखाई दे रहे हैं। इंस्पेक्टर शिव कुमार शर्मा का कहना है कि पेट्रोल न देने पर विवाद हुआ था। पथराव की बात गलत है। तहरीर आने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी। झगड़ा करते चार गिरफ्तार
संस, हाथरस : कोतवाली सदर क्षेत्र के पत्थर वाले बाजार में बुधवार की रात शराब के नशे में युवकों में विवाद हो गया। विवाद व मारपीट की सूचना पर कोतवाली सदर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने चार युवकों का शांतिभंग में चालान किया है। पत्थर बाजार में किसी बात को लेकर झगड़ा कर बैठे थे।