वैन में फंसे साइकिल सवार को आधा किमी घसीटा
सहपऊ क्षेत्र में हुई दुर्घटना उपचार को ले जाने के दौरान दम तोड़ा साइकिल पर भेलपुरी बेचकर लौट रहा था गांव मौत से मचा कोहराम।
संसू, हाथरस : सहपऊ-थरौरा रोड पर मंगलवार की शाम साइकिल सवार व्यक्ति को मारुति वैन ने रौंद दिया। टक्कर के बाद कार में फंसा व्यक्ति आधा किलोमीटर तक घिसटता गया। लोगों के चीखने-चिल्लाने पर वैन रोकी तब उसे अस्पताल ले जाया गया, मगर जान नहीं बची।
गांव नगला परसू निवासी गंगा शरण (50 वर्ष) साइकिल पर भेलपूरी बेचकर परिवार चलाते थे। रोजाना की तरह सहपऊ कस्बे में भेलपुरी बेचकर वह गांव लौट रहे थे। थरौरा रोड पर सीएचसी के पास सामने से आ रही मारुति वैन ने उनको टक्कर मार दी। टक्कर के बाद चालक तेज गति से वैन को दौड़ाता चला गया, जबकि गंगाशरण कार के नीचे फंसे हुए थे। करीब आधा किलोमीटर तक वह कार में घिसटता गए। जब लोगों ने शोर मचाया तो उसने वैन रोकी और उतर कर भाग गया। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल साइकिल सवार को जिला अस्पताल भिजवाया मगर रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। पुलिस ने वैन कब्जे में ले ली है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सत्य प्रकाश ने बताया कि मृतक के बड़े भाई गिर्राज सिंह की तहरीर के आधार पर अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। डंपर से टकराई बाइक, युवक की मौत
संसू, सासनी : थाना हाथरस जंक्शन के गांव बघराया निवासी 32 वर्षीय महेश पुत्र राम सहाय अपने साथी भोला निवासी महौ के साथ बाइक से इगलास गया था। देर शाम दोनों लोग बाइक से गांव लौट रहे थे। इगलास-सासनी रोड पर नलगा गढ़ू चौराहे के निकट आगे मिट्टी लेकर जा रहे डंपर चालक ने अचानक ब्रेक लगाई। इसी दौरान बाइक पीछे से टकरा गई। हादसे में महेश की मौके पर ही मौत हो गई। भोला गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा है।
उधर, हाथरस में नगला अलगर्जी के पास बाइक सवार ने 18 वर्षीय अनमोल को टक्कर मार दी। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।