गलियों में बल्लियों के पहरे से लॉकडाउन का पालन
कोरोना वायरस को लेकर बढ़ रही है दहशत एहतियातन लोग खुद को कर रहे घरों में कैद हालात -लॉकडाउन में 11 बजे के बाद पूरी तरह पसर जाता है सन्नाटा -चार घंटे की छूट में बाजारों की भीड़ में भी शारीरिक दूरी का रख रहे ध्यान
जागरण संवाददाता, हाथरस : कोरोना वायरस के संक्रमण से देश भर में बढ़ रहे मामलों ने लोगों में दहशत बढ़ा दी है। यही वजह है कि लॉकडाउन के बीच कल तक जहां मोहल्ले और गलियों में लोगों की आवाजाही रुक नहीं पा रही थीं, वहां अब लोगों ने खुद को बल्लियां लगाकर लॉकडाउन कर लिया है। कई गलियां ऐसी हैं जहां बल्लियां लगा दी गई हैं, ताकि कोई भी न आए-जाए।
शुक्रवार की सुबह सात बजते ही लोग दुकानों पर जरूरी सामान की खरीदारी करते नजर आए। सुबह के वक्त उन्हीं दुकानों को खोलने की छूट दी जा रही है जो सब्जी और खाद्यान्न से जुड़ी हैं। 10 बजे कमला बाजार में सड़क किनारे और ढकेल से लोग सब्जियां खरीद रहे थे। 11 बजे एक साथ घरेलू वस्तुओं की दुकानें धड़ाधड़ बंद हो गईं। तमाम मेडिकल स्टोर पर भी ताला लटक गया। 12 बजे सासनी गेट चौराहे पर ट्रैफिक के जवान और जरूरी सामान ले जा रहे वाहनों की आवाजाही थी। लॉकडाउन के चलते मुरसान रोड, मुरसान गेट, तालाब चौराहा, गुड़हाई बाजार, सर्राफा बाजार समेत अन्य बाजारों की सड़कें पूरी तरह से सुनसान नजर आईं। जामा मस्जिद के पास गली रंगरेजान एवं गली कोठी बंदरवन की गलियों में बल्लियां लगी मिलीं। इससे पहले बिसावर और चित्रगुप्त कॉलोनी में भी गलियां बंद होने की खबरें आईं थीं। लॉकडाउन तोड़ने पर सजा के आदेश से सहमे लोग
लॉकडाउन के दौरान जिन सड़कों पर क्रिकेट और गलियों में बच्चों की धमाचौकड़ी और चौपाल पर बैठे लोग नजर आते थे। अब वह सब घरों में कैद हो गए हैं, क्योंकि लॉकडाउन में लगातार लोगों के घर से बाहर आने की खबर शासन से लेकर प्रशासन को मिल रही थीं। मगर शासन ने अब सख्ती बरती है और साफ कहा है कि लॉकडाउन तोड़ने वाले पर मुकदमा दर्ज होगा और दो साल की सजा भी हो सकती है। ------------ मंडी में शारीरिक दूरी का पालन
न करने पर अब होगी कार्रवाई
सख्ती
मंडी सचिव ने निरीक्षण के दौरान दी दुकानदारों को चेतावनी
निर्धारित दूरी बनाकर ही ग्राहकों को बिक्री की जाए सब्जी
संवाद सहयोगी, हाथरस: मंडी समिति में शारीरिक दूरी का पालन नहीं करने वाले थोक दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। मंडी में उमड़ती भीड़ को देखते हुए अधिकारियों ने दुकानदारों को चेतावनी दी है।
लॉकडाउन को लेकर मंडी समिति सहित सभी स्थानों पर शारीरिक दूरी का पालन सख्ती से कराया जा रहा है। भीड़ लगाने की किसी को इजाजत नहीं है। यह सब वैश्विक महामारी कोरोना से बचने के लिए किया जा रहा है। शुक्रवार को मंडी समिति में मंडी परिषद के सचिव यशपाल सिंह ने निरीक्षण किया। उन्होंने मंडी में जगह-जगह भीड़ देखकर नाराजगी जताई। सचिव को देखकर दुकानदारों ने ग्राहकों को गोलों में खड़ा करके सब्जी देना शुरू कर दिया। सचिव ने चेतावनी दी शारीरिक दूरी के नियम का पालन नहीं करने वाले दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। सब्जी मंडी में करीब 40 दुकानें हैं। भीड़ से बचने के लिए मंडी प्रशासन ने सभी दुकानों के सामने एक मीटर की दूरी के अंतराल से गोले बना दिए गए हैं। लॉकडाउन तोड़ने पर पंफ्लेट से कर रहे शाíमंदा
हाथरस : लॉकडाउन का पालन कराने के लिए पुलिस न तरह-तरह के तरीके अपनाने शुरू किए हैं। इसके बाद भी लोगों की आदत में सुधार नहीं हो रहा है। मुख्य मार्गो पर तमाम जगह लॉकडाउन का उल्लंघन भी किया जा रहा है। कोतवाली चंदपा के इंस्पेक्टर वीपी गिरि ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले मोटर साइकिल सवार युवकों को पंफ्लेट देकर गलती का एहसास कराया। उनपर लिखा है, 'मैं समाज का दुश्मन हूं। अनावश्यक रूप से लॉकडाउन में बाहर घूमूंगा।' ऐसे पंफ्लेट मिलने के बाद लोग शर्मिदा होकर चले गए। इतना जरूर कह गए कि आगे से लॉकडाउन का पालन अवश्य करेंगे।