कृषि प्रबंधन से बढ़ेगी आय, प्रशिक्षण ले रहे किसान
किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार की आत्मा योजना के तहत संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है।
संवाद सहयोगी, हाथरस : किसानों की आय बढ़ाने के लिए सरकार की आत्मा योजना के तहत संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। इसमें जिले के 85 किसान अन्य जिलों व प्रदेशों में जाकर प्रशिक्षण ले रहे हैं। यहां पर उन्हें कृषि के साथ पशु पालन व खेती से जुड़े अन्य व्यवसायों की जानकारी दी जा रही है।
अब किसानों को परंपरागत खेती से बाहर निकलना होगा। खेती के साथ अन्य व्यवसाय भी किसान आसानी से कर सकते हैं। किसानों को आत्मनिर्भर बनाने लिए सरकार भी उनका पूरा सहयोग कर रही है। इसके लिए कृषि उपनिदेशक कार्यालय की ओर से आत्मा योजना के तहत किसानों को प्रशिक्षण दिलाया जा रहा है। किसानों को प्रशिक्षण के लिए अंतरजनपदीय व दूसरे प्रदेश भी भेजा रहा है। अब तक दो दलों में किसान प्रशिक्षण के लिए उत्तराखंड के पंतनगर व उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद पहुंच चुके हैं। कृषि विभाग द्वारा प्रशिक्षण में रहने, खाने व यातायात की व्यवस्था किसानों के लिए निश्शुल्क की गई है। पंतनगर में जैविक खेती
सीख रहे हैं 50 किसान
पंत नगर के कृषि विश्वविद्यालय में प्रशिक्षण के लिए जनपद से 50 किसानों का दल पहुंच गया है। यहां पर इन्हें चार दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत बेहतर कृषि प्रबंधन सिखाया जा रहा है। किसान फसलों की विभिन्न तकनीकों को सीख रहे हैं। जैविक खेती किस प्रकार की जाती है और इसके क्या लाभ हैं, यह भी कृषि विशेषज्ञों द्वारा किसानों को सिखाया जा रहा है। कृषि के साथ कर सकते हैं अन्य व्यवसाय
जिले से 35 किसानों का दूसरा दल मुरादाबाद भेजा गया है। यहां पर किसानों को फसलों की नई-नई तकनीक सिखाई जा रही है। इसके साथ किसानों को पशुपालन, मधुमक्खी पालन, मत्स्य पालन का प्रशिक्षण के साथ लाभ भी बताए जा रहे हैं। योजना प्रभारी डा. हरिओम शर्मा ने बताया कि किसानों को उनकी आय बढ़ाने और बेहतर ढंग से कृषि करने के लिए प्रशिक्षण दिया जा रहा है।