950 निगेटिव, बैंक कर्मचारी सहित सात लोग पॉजिटिव
हाथरस में तैनात बैंककर्मी व स्वास्थ्यकर्मी की पत्नी निकलीं पॉजिटिव कोरोना की मार 950 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर अधिकारियों ने ली राहत की सांस हाथरस के पुलिसकर्मी की एटा में थी तैनाती मुरादाबाद में संक्रमित मौत
संवाद सहयोगी, हाथरस : कोरोना वायरस के संक्रमण के बीच शुक्रवार को 950 लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आने पर अफसरों ने राहत की सांस ली। शुक्रवार को बैंककर्मी सहित कुल सात केस कोरोना पॉजिटिव के निकले। जिन्हें उपचार के लिए एल वन हॉस्पिटल मुरसान भेजा है। हाथरस के आवास विकास में रहने वाले पुलिसकर्मी की एटा में तैनाती थी। मुरादाबाद में प्रशिक्षण के दौरान संक्रमित हुए और शुक्रवार को दिल्ली में उनकी मौत हो गई।
आगरा रोड स्थित अग्रसेन विहार कॉलोनी निवासी 57 वर्षीय व्यक्ति हाथरस की एक बैंक में तैनात हैं। पिछले दिनों उनका सैंपल हुआ था, जिसकी रिपोर्ट अब पॉजिटिव आई है। इसी कॉलोनी के एक व्यक्ति अलीगढ़ में स्वास्थ्य विभाग में तैनात हैं। कर्मचारी की पत्नी का कोविड 19 का सैंपल पॉजिटिव आया है। इसके अलावा तरफरा रोड निवासी 19 वर्षीय युवक, 16 वर्षीय श्रीनगर का किशोर, अइयापुर का 37 वर्षीय व्यक्ति, रूहेरी निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति और सहपऊ की 43 वर्षीय महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। हाथरस के सिपाही की दिल्ली में मौत
हाथरस के आवास विकास कॉलोनी सेक्टर पांच निवासी रामवीर सिंह (55) एटा जनपद में हेड कांस्टेबल के पद पर कार्यरत थे। 14 जुलाई को वह उप निरीक्षक की ट्रेनिग करने के लिए पीटीसी (पुलिस ट्रेनिग सेंटर) मुरादाबाद गए थे। 27 जुलाई को उनकी जांच हुई तो वह कोरोना पॉजिटिव निकले। उसके बाद उन्हें मुरादाबाद के ही दिल्ली रोड स्थित टीएमयू अस्पताल में भर्ती करा दिया। कई अन्य पुलिसकर्मियों की रिपोर्ट पॉजिटिव निकले थे। सभी का उसी अस्पताल में उपचार चल रहा था। अधिकांश सिपाहियों की रिपोर्ट तीन दिन पहले निगेटिव आ गई। रामवीर सिंह की हालत बिगड़ती चली गई। गुरुवार को रामवीर सिंह को दिल्ली के लिए रेफर कर दिया। शुक्रवार को उनकी मौत हो गयी। एटा पुलिस लाइन के प्रतिसार निरीक्षक लक्ष्मण सिंह का कहना है कि रामवीर सिंह की कोरोना से मौत होने की जानकारी मिल गई है। इस संबंध में परिवारीजनों को सूचित कर दिया है। उच्चाधिकारियों के निर्देश पर आगे की कार्यवाही की जाएगी। कोरोना मीटर
कुल केस / 24 घंटे में 331/7
सक्रिय केस/24 घंटे में 91/7
स्वस्थ्य हुए /24 घंटे में 244/0
कुल मौतें/24 घंटे में 4/0
कुल टेस्ट /24 घंटे 21752/1000
----- पालिका ने सैनिटाइज कराया पुलिस अधीक्षक कार्यालय
फोटो- 8
संस, हाथरस : नगर पालिका अध्यक्ष आशीष शर्मा के निर्देश पर शहर में सैनिटाइजेशन अभियान शुक्रवार को चलाया गया। इसमें मेंडू रोड स्थित पुलिस अधीक्षक कार्यालय सहित आदि क्षेत्रों में दवा का छिड़काव कर उन्हें सैनिटाइज किया गया। मध्याह्न करीब 12 बजे के बाद पुलिस अधीक्षक कार्यालय को सैनिटाइज किया।