प्रधानी की 182, जिला पंचायत सदस्य पद की 16 आपत्तियां
पंचायत चुनावों को लेकर दाखिल हुई आपतियां हाथरस में सबसे अधिक 38 तो सादाबाद में कम 17 आपत्तियां।
जासं, हाथरस : पंचायत चुनावों को लेकर आपत्तियों का दौर चलने के बाद बुधवार को प्रधानी के लिए 182 तो जिला पंचायत सदस्य के लिए 16 आपत्तियां दाखिल हुई हैं। इन आपत्तियों का अब निस्तारण किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन स्तर पर कवायद शुरू हो गई है।
शासन के निर्देश पर अगले माह पंचायत चुनाव प्रस्तावित है। ऐसे में हाईकोर्ट के निर्देश के बाद 2015 का आधार मानते हुए प्रशासन ने आरक्षण जारी कर दिया है। इस सूची के जारी हो जाने के बाद अब आपत्तियों का दौर चल रहा है। इसके तहत जिले भर में प्रधानी के लिए कुल 182 आपत्तियां दर्ज हुई हैं। इसमें हाथरस में 38, मुरसान में 27, सासनी में 34, सिकंदराराऊ में 22, हसायन में 25, सादाबाद में 17 तो सहपऊ में 19 आपत्तियां आई हैं। इस प्रकार हाथरस में सर्वाधिक तो सादाबाद में सबसे कम 17 आपत्तियां रहीं। इसी प्रकार बीडीसी के लिए सिकंदराराऊ में दो, हाथरस में सात, सासनी व सहपऊ में एक-एक आपत्तियां दर्ज की गई हैं। जिला पंचायत में 16 तो हाथरस ब्लाक प्रमुख पद पर दो आपतियां दर्ज हुई हैं। भाजपाई घर-घर पहुंचाएंगे सरकार की उपलब्धियां
जासं, हाथरस : भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर शहर भाजपा की बैठक अध्यक्ष शरद माहेश्वरी की अध्यक्षता में हुई, जिसमें प्रदेश सरकार के चार साल के कार्य पर चर्चा की गई। इसमें पिछली सरकारों के कार्यकाल की आलोचना और वर्तमान सरकार के कार्य गिनाते हुए सराहना की गई। कहा गया कि सरकार ने स्वास्थ्य, शिक्षा, किसान, विद्यार्थी मजदूर, व्यापारी वर्ग आदि सभी के हितों में कार्य किया है। शहर अध्यक्ष शरद माहेश्वरी ने सभी से अनुरोध किया कि सभी शक्ति केंद्र प्रमुख अपने-अपने बूथों पर पार्टी की ओर से भेजे गए चार साल बेमिसाल के साहित्य को घर-घर तक पहुंचाने का कार्य करें। संचालन वरिष्ठ उपाध्यक्ष कृष्ण मुरारी ने किया। नगर पदाधिकारी शक्ति केंद्र संयोजक, शक्ति केंद्र प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक में जिला महामंत्री रूपेश उपाध्याय, महामंत्री एसपीएस चौहान, नरेश गुप्ता, सुनील वर्मा एडवोकेट, नारायण लाल, धीरज जैन, राजकुमारी चौहान, बबीता वर्मा आदि उपस्थित थे।