जिला पंचायत सदस्य के लिए पहले दिन 138 नामांकन
जिला पंचायत सदस्य के लिए शनिवार की सुबह आठ बजे से नामांकन पत्र जमा करने आने वालों का सिलसिला शुरू हो गया।
जागरण संवाददाता, हाथरस: जिला पंचायत सदस्य के लिए शनिवार की सुबह आठ बजे से नामांकन पत्र दाखिल होना शुरू हो गया था। सुबह से उम्मीदवार अपने-अपने समर्थकों के साथ नामांकन पत्र दाखिल करने आए, मगर सबसे ज्यादा इंतजार पुलिस से लेकर मीडिया तक को पूर्व मंत्री रामवीर उपाध्याय की पत्नी सीमा उपाध्याय का रहा। उनके साथ समर्थकों की भीड़ थी। इनके अलावा बसपा, रालोद और कांग्रेस के प्रत्याशी भी दावेदारी करने आए। देर शाम मिली जानकारी के अनुसार कुल 138 नामांकन दाखिल हुए।
पहले चरण में 15 अप्रैल को होने वाले पंचायत चुनाव के मतदान को लेकर शनिवार को नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई। सुबह आठ बजे से नामांकन को लोग आने लगे। दो काउंटरों पर जनपद के सभी 24 वार्ड को विभक्त करके नामांकन कराया जा रहा था। नामांकन पत्र को पहले चेक किया जा रहा था उसके बाद उम्मीदवार का नाम और वार्ड संख्या के अलावा मोबाइल नंबर भी एक रजिस्टर पर लिखा गया। निर्वाचन अधिकारी के रूप में जल निगम के अधिशासी अभियंता आरके शर्मा और डीएफओ वीके सिंह मौजूद रहे।
पति के साथ आईं सीमा उपाध्याय
दोपहर करीब तीन बजे कलक्ट्रेट में वार्ड नंबर 14 से जिला पंचायत सदस्य का नामांकन पत्र दाखिल करने सीमा उपाध्याय पति पूर्व ऊर्जा मंत्री रामवीर उपाध्याय व स्वजन रामेश्वर उपाध्याय, विनोद उपाध्याय के अलावा बड़ी संख्या में समर्थकों संग आई थीं।
बसपा, कांग्रेस और रालोद भी मैदान में
जिला पंचायत सदस्य का चुनाव काफी अहम है, क्योंकि ये सदस्य ही जनपद के पहले नागरिक यानी जिला पंचायत अध्यक्ष के लिए वोट डालेंगे। यही कारण है कि उपाध्याय परिवार से एक, दो नहीं बल्कि पांच-पांच सदस्यों की ओर से नामांकन करने की तैयारी है। इसके अलावा भाजपा नेता संजय की पत्नी स्वाति सिंह ने भी आवेदन किया। संजीव काका चेयरमैन विजयगढ़ की पत्नी आरती ने नामांकन किया। वार्ड नंबर 22 से फरजाना बेगम, वार्ड नंबर 11 से आशीष कुमार सिंह, वार्ड नंबर 22 से अंशू शर्मा, प्रदीप चौधरी, शिखा चौधरी, आशा वर्मा, भगवान दास ने वार्ड नंबर सात से नामांकन दाखिल किया है।