झमाझम बारिश से शहर हुआ पानी-पानी
हरदोई जिले में गुरुवार की सुबह झमाझम बारिश से हुई।
हरदोई : जिले में गुरुवार की सुबह झमाझम बारिश से हुई। बारिश से पूरे शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। सुबह लोग बारिश से भीगते हुए कार्यक्षेत्र तक पहुंचे। सुबह जिले में 99 मिमी बारिश रिकार्ड की गई। दोपहर तक बारिश होती रही और पूरे दिन आसमान में बादल छाए रहे। शाम को 6.2 मिमी बारिश रिकार्ड हुई। कुल 105.2 मिमी बारिश दर्ज हुई। बारिश से लोगों को गर्मी से निजात मिली।
आसमान में कई दिनों से घने बादल छा रहे थे। मगर बूंदाबादी ही होती थी जिससे उमस बढ़ जाती थी। लेकिन बुधवार देर रात से बारिश शुरू हो गई जिससे लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली। बारिश गुरुवार दोपहर तक होती रही। बारिश से शहर में जगह-जगह जलभराव हो गया। शहर के सदर बाजार, महात्मा गांधी मार्ग, कलेक्ट्रेट, सिविल लाइन आदि सभी स्थानों पर जलभराव हो गया। इससे लोगों को पानी से होकर गुजरना पड़ा। बारिश के कारण लोगों को आवागमन में भी परेशानी हुई।
घरों में घुसा पानी : शहर में गुरुवार को हुई बारिश ने जल निकासी की व्यवस्था की पोल खोल दी। शहर के कई क्षेत्रों में पानी भर गया। सिविल लाइन में बने सरकारी आवासों में भी पानी भर गया। वहीं शहर से सुभाषनगर, नुमाइश पुरवा में लोगों के घरों में पानी घुस गया।