रोडवेज बसों का संचालन धीरे-धीरे होने लगा सामान्य
यात्री कोरोना संक्रमण के बचाव के तरीके अपना कर यात्रा कर रहे हैं।
हरदोई : अनलॉक-1 में शुरू हुआ परिवहन निगम की रोडवेज बसों का संचालन धीरे-धीरे सामान्य होने लगा है। यात्रियों की संख्या बढ़ने लगी है। इसके चलते निगम ने बसों की संख्या में इजाफा किया गया है। रोडवेज बसें 45 से बढ़ाकर 80 कर दी गई हैं। इससे निगम की आय बढ़ी है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक के अनुसार यात्री कोरोना संक्रमण के बचाव के तरीके अपनाकर यात्रा कर रहे हैं।
लॉकडाउन अवधि के दौरान परिवहन निगम ने कोरोना संक्रमण फैलने के खतरे को देखते हुए रोडवेज बसों का संचालन बंद कर दिया था। हालांकि बसों से प्रवासियों को लाने व उन्हें उनके गंतव्य तक छोड़ने का कार्य किया गया। अनलॉक-1 की शुरुआत होने पर 73वें दिन बाद रोडवेज बसों का दोबारा संचालन शुरू हुआ। रोडवेज बस स्टेशन पर यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिग की शुरुआत हुई, जिसके बाद यात्रियों को बसों में प्रवेश दिया जा रहा है। सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक आरबी यादव ने बताया कि बसों को नियमित सैनिटाइज कराया जा रहा है और शारीरिक दूरी का पालन कराते हुए यात्रियों को बैठाया जा रहा है। शुरुआती दौर में 138 बसों के सापेक्ष 40 बसों का संचालन हो रहा था, जिससे नियमित चार हजार यात्री यात्रा करते थे। यात्री बढ़ने पर बसों की संख्या बढ़ाकर 80 की गई हैं। बताया कि वर्तमान समय में नियमित रूप से छह हजार यात्री बसों में यात्रा कर रहे हैं, जिनसे निगम को 12 लाख रुपये की कमाई हो रही है। यात्रियों की संख्या बढ़ने पर बसों की संख्या में इजाफा किया जाएगा।