संक्रमण के डर से घर से बाहर निकलने से बचे लोग
जिले में कोरोना के संक्रमण के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लोग लॉकडाउन में घर से निकलने से बचें।
हरदोई : जिले में कोरोना संक्रमण के मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए लोग बंद में घर से निकलने से बचे। शहर में प्रमुख मार्गों पर सन्नाटा पसरा रहा। बंद का असर दिखाई दिया। पुलिस-प्रशासन को लोगों से अधिक सख्ती करने की आवश्यकता नहीं हुई। अधिक आवश्यक होने पर ही लोग घरों से बाहर निकले।
जिले में दो दिन के संपूर्ण बंद का रविवार को असर दिखाई दिया। लोग घरों से निकलने से बचते रहे। शहर के सदर बाजार, सिनेमा रोड, महात्मा गांधी मार्ग, अस्पताल रोड, रेलवे स्टेशन आदि क्षेत्रों में सन्नाटा पसरा रहा। कोरोना के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए मुहल्लों के दुकानदारों ने भी दुकानें बंद रखी। शहर में मेडिकल स्टोर खुले रहे। मगर वहां भी लोगों की संख्या काफी कम रही। शहर में बंद का पालन करने के लिए हर चौराहा पर पुलिस बल तैनात था। प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी शहर का भ्रमण करते रहे। कोरोना के बढ़ते मामलों के कारण लोग स्वयं ही घरों में परिवार के साथ रहे, बाहर नहीं निकले। जो लोग सड़क पर नजर आए, उनको कारण पूछने के बाद जाने दिया गया। शहर में आने वालों से कारण पूछने के बाद ही प्रवेश दिया गया। वहां भी सिर्फ आकस्मिक सेवाओं के लिए ही अनुमति दी गई। पालिका प्रशासन की ओर से शहर में सैनिटाइज कराया गया। इसके लिए कई टीमें लगाई गई थीं। टीमों ने विभिन्न क्षेत्रों में सैनिटाइजेशन किया।
युवाओं को दी गई चेतावनी : बंद में लोगों ने घर में रहना उचित समझा। मगर इसके बावजूद एक दो युवा बाइक लेकर शहर का चक्कर लगाने निकल आए। इन युवाओं को रोक कर पुलिस कर्मियों ने सख्त हिदायत देकर वापस भेज दिया।
यात्रियों की संख्या रही कम : बंद में इस बार रोडवेज बसों के संचालन की छूट थी। रोडवेज बस स्टैंड से बसों का संचालन किया जा रहा था। मगर वहां यात्रियों के न पहुंचने से बसों के आवागमन भी कम ही रहा। सभी मार्गों पर नियमित बसों का संचालन नहीं किया गया।