गन्ना क्रय केंद्रों पर तौल के नाम पर किसानों से लूट
- प्रति ट्राली 40 से 50 किलो हो रही गन्ने की अतिरिक्त कटौती - लेबर चार्ज के नाम पर वसूले जा रहे 100 से 120 रुपये प्रति ट्राली
हरदोई : वाह रे सरकारी सिस्टम। जिम्मेदारों को किसानों से हो रही लूट दिखाई नहीं देती। पहले जूना कटौती, फिर प्रति ट्राली 40 से 50 किलो गन्ना सूख के नाम पर कटौती हो रही है। लेबर चार्ज के नाम पर भी वसूली हो रही है। किसान गन्ना उतरवाई के लिए 100 से 120 रुपये प्रति ट्राली देने को मजबूर है। गन्ना केंद्रों पर रविवार को जागरण पड़ताल में किसान समस्याएं बताते नहीं थके।
समय से नहीं होती गन्ने की तौल
स्थान : गन्ना क्रय केंद्र सोमवंशी पुरवा, बावनचुंगी
समय : 11:30 बजे
03एचआरडी4
हरदोई : गन्ना क्रय केंद्र सोमवंशी पुरवा, बावन चुंगी पर गन्ने का ट्रक लोड कराया जा रहा था। कई गन्ने से लदी ट्रालियां खड़ी थीं। किसानों का कहना था कि गन्ने की तौल समय से नहीं हो रही है। प्रभारी का कहना था कि एक क्विंटल पर एक किलो जूना कटौती की जा रही है, जो मानक में है। किसानों से कोई खर्च नहीं लिया जा रहा है।
50 किलो प्रति ट्राली होती अतिरिक्त कटौती
स्थान : गन्ना क्रय केंद्र सधईबेहटा
समय :12:40 बजे
03एचआरडी5
हरदोई : गन्ना क्रय केंद्र सधईबेहटा में किसान गन्ना तौल कराने के लिए परेशान दिखाई दिए। किसानों का कहना था कि तीन से चार दिनों तक तौल न होने से उन्हें केंद्र पर ही सोना पड़ता है। कई दिनों तक ट्रालियां खड़ी रहती हैं, जिससे ट्राली में ही गन्ना सूख जाता है। प्रभारी द्वारा जूना कटौती के अलावा 50 किलो प्रति ट्राली अतिरिक्त गन्ने की कटौती की जाती है। कांटा खराब बताकर रोक दी जाती तौल
स्थान : गन्ना क्रय केंद्र पिपरिया
समय :1:00 बजे
03एचआरडी6
रूपापुर : गन्ना क्रय केंद्र पिपरिया पर गन्ने की तौल की गति काफी धीमी है। गन्ना पर्ची मिलने के बावजूद किसानों को गन्ना तौल कराने में छह से सात दिन का समय लगता है। किसान केंद्र पर रतजगा करने को मजबूर हैं। केंद्र से चीनी मिल को गन्ना ढुलाई में लापरवाही बरती जा रही है। केंद्र पर कांटा खराब बताकर तौल रोक दी जाती है। तौल कराने को भटकते किसान
स्थान : गन्ना क्रय केंद्र सकतपुर
समय : 1:20 बजे
03एचआरडी7
बेहटागोकुल : गन्ना क्रय केंद्र सकतपुर पर किसानों की ट्रालियां खड़ी थीं। कई किसान तौल कराने के लिए भटकते दिखाई दिए। किसानों का कहना था कि गन्ना तौल के नाम पर 40 रुपये प्रति ट्राली अतिरिक्त कटौती हो रही है। कटौती के संबंध में प्रभारी कुछ भी बताने को तैयार नहीं है। --गन्ना किसानों का उत्पीड़न किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। केंद्रों का निरीक्षण हो रहा है। जहां पर भी शिकायत या खामी मिली संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी।---सना आफरीन, जिला गन्ना अधिकारी