ट्रक चालक की हत्या कर शव सड़क किनारे फेंका
-बघौली क्षेत्र के माधौगंज मार्ग पर पत्तापुरवा गांव के निकट मिला शव -गर्दन और कंधे पर मिले चोटों के निशान
बघौली (हरदोई) : क्षेत्र में ट्रक चालक का शव सड़क के किनारे पड़ा मिला। परिवारवालों ने चालक के शरीर पर चोटों के निशान देखकर हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। हालांकि पोस्टमार्टम में हत्या की बात पूरी तरह से साफ नहीं हुई है।
ग्राम घुरमई मजरा सहोरिया बुजुर्ग के अजीज ट्रक चालक थे। पत्नी शबनम ने बताया कि शुक्रवार को वह हरदोई गए थे, रात में जब वह घर वापस नहीं आए तो उन्होंने पति को फोन किया। अजीज ने बताया कि वह बघौली चौराहा पहुंच गया है और थोड़ी देर में घर आ जाएगा। देर रात जब पति घर नहीं पहुंचे तो दोबारा फोन किया तो फोन बंद था। जानकारी मिली कि माधौगंज मार्ग पर पत्तापुरवा गांव के निकट सड़क के किनारे एक शव पड़ा है। वह लोग मौके पर पहुंच गए। अजीज के गर्दन व कंधे पर चोट के निशान मिले हैं। ऐसा लग रहा है कि किसी धारदार हथियार से हमला किया गया हो। उसका एक जूता पास में पड़ा था और दूसरा सड़क के पूरब दिशा में पड़ा था। मोबाइल और लाइसेंस जेब में पड़ी मिली। बड़े भाई अजीज ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि अजीज का एक बेटा और चार बेटियां हैं। घटना की जानकारी पर एएसपी पूर्वी अनिल कुमार और सीओ बघौली विकास जायसवाल ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल की। एएसपी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है।
दो युवकों के फंदे पर लटकते मिले शव-कछौना-बेहटागोकुल : अलग-अलग क्षेत्र में दो युवकों के शव फंदे पर लटकते मिले। दोनों युवकों ने पत्नी के गम में फांसी लगाकर जान दी।
कछौना क्षेत्र के ग्राम बघौड़ा के अनिल कुमार खेतीबाड़ी करते थे। भाई गया कुमार ने बताया कि अनिल की दो वर्ष पूर्व शादी हुई थी। इसके बाद उसकी पत्नी ने दूसरी शादी कर ली थी, तभी से वह शराब का आदी हो गया था। शुक्रवार शाम को शराब पीने पर मां ने डांट दिया था। इस बात से आहत होकर अनिल ने कमरे में फांसी लगा ली।
बेहटागोकुल क्षेत्र के ग्राम हाबिदापुर के रतिभान खेतीबाड़ी करते थे। परिवारवालों ने बताया कि एक सप्ताह पूर्व विवाद होने के चलते रतिभान की पत्नी अपने मायके हरियावां क्षेत्र के रिक्खापुरवा चली गई थी। पत्नी के जाने के बाद से वह परेशान था। शुक्रवार को रतिभान ने कमरे में फांसी लगाकर जान दे दी। उसका एक बेटा और एक बेटी है।