बीस लाख युवाओं को नौकरी की गारंटी देगी कांग्रेस
पदाधिकारियों ने कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी किया
हरदोई : कांग्रेस कार्यालय पर शनिवार को पदाधिकारियों ने कांग्रेस का घोषणा पत्र जारी किया। पत्रकार वार्ता के दौरान कार्यवाहक जिलाध्यक्ष रामसिंह वर्मा ने कहा कि पार्टी बीस लाख युवाओं को नौकरी की गारंटी देगी, सफाई कर्मचारी, संविदा कर्मियों, आउटसोर्सिंग संविदा कर्मियों के हितों के लिए काम किया जाएगा। प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षकों के खाली पड़े डेढ़ लाख पद, बेसिक शिक्षा के रिक्त प्रधानाचार्य के एक लाख पद, माध्यमिक शिक्षकों के 38 हजार पद, उच्च शिक्षा और महाविद्यालयों में शिक्षकों के 8 हजार रिक्त पदों को भरा जाएगा। जिला अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी पूरी की जाएगी। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के 20 हजार व सहायिकाओं के 27 हजार रिक्त पदों को भरा जाएगा। जिलाध्यक्ष आशीष कुमार सिंह,साधू सिंह, जमील अहमद अंसारी, अमरेंद्र शर्मा, निर्भान सिंह यादव मौजूद रहे।
भाजपा में महिलाओं का सम्मान : अलका सिंह
-संडीला : भारतीय जनता पार्टी प्रत्याशी अलका सिंह अर्कवंशी ने कहा कि भाजपा में महिलाओं का सम्मान है। पार्टी ने महिलाओं को आगे लाने का कार्य किया है।
भाजपा प्रत्याशी घोषित होने के बाद शनिवार को पत्रकार वार्ता करते हुए उन्होंने कहा कि क्षेत्र में महिलाओं के लिए उच्च शिक्षा के लिए रोजगार परक शिक्षा देने का प्रयास करेंगी। जिन क्षेत्रों में सड़कों का निर्माण नहीं हुआ है, उस क्षेत्र को सड़को से जोड़ा जाएगा। संडीला के बहु प्रतीक्षित ओवरब्रिज के निर्माण के लिए केंद्रीय मंत्री से मिलकर जल्द निर्माण कराने का प्रयास करेंगे । उन्होंने कहा कि भाजपा ने महिलाओं का मान, सम्मान व स्वाभिमान बढ़ाया है। महिलाओं को स्वावलंबी बनाने को मुद्रा बैंक, महिला कौशल समृद्धि योजना, बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना चलाई है। नगर भाजपा अध्यक्ष महेंद्र सोनी, नगर युवा मोर्चा अध्यक्ष ऋषभ खन्ना, अमरेंद्र सिंह अर्कवंशी मौजूद रहे ।