रात 12 बजते ही लगे जय कन्हैयालाल के जयकारे
हरदोई श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर गुरुवार रात बारह बजते ही मंदिरों में श्रीकृष्ण के जयकारे लगे।
हरदोई : श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर गुरुवार रात बारह बजते ही मंदिरों में श्रीकृष्ण के जयकारे गूंजे उठे। मंदिरों में पुजारियों ने निर्धारित संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के साथ लड्डू गोपाल का जन्मदिन मनाया।
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव पर गुरुवार को मंदिरों को सजाया गया था। शहर के राम जानकी मंदिर में श्रद्धालुओं को निर्धारित संख्या में ही प्रवेश की अनुमति दी गई थी। श्रद्धालु अपने ईष्ट का जन्मोत्सव मनाने के लिए मंदिर में पहुंचे गए और शारीरिक दूरी के लिए बनाए गए गोलों में ही खड़े होकर श्रीकृष्ण की आराधना करते रहे। रात बारह बजते ही मंदिर में शंख, घंटा की ध्वनि के साथ श्रीकृष्ण के जयकारे गूंज उठे। मंदिर के पुजारियों ने श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की। उसके उपरांत उनके बाल रूप को पालने में बिठाया गया। पूजा-अर्चना के दौरान श्रद्धालु जयकारे लगाते रहे। पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। पूजा-अर्चना के बाद श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और राधे-कृष्ण का गुणगान करते हुए घर को रवाना हुए। शहर के काशीनाथ सेठ ज्वैलर्स के प्रतिष्ठान के परिसर में राधा-कृष्ण मंदिर में नंदलाल का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। मंदिर में राधा-कृष्ण की मूर्ति का भव्य श्रंगार किया गया। इसके अलावा शहर के अन्य मंदिरों में भी भगवान श्रीकृष्ण का जन्मोत्सव सादगी के साथ मनाया गया। घरों में भी लोगों ने परिवार के साथ पूजा पाठ व भजन कीर्तन किया।