10 दिन में ही फिर से अवैध बस व टैक्सी स्टैंड पर कब्जा
जिम्मेदारों की ढिलाई का फायदा उठा रहे अवैध अड्डे संचालक
हरदोई : उदाहरण एक : नुमाइश चौराहा पर पुलिस बूथ के निकट कुछ सिपाही खड़े थे। वहीं चौराहा पर यातायात पुलिस द्वारा लगाए गए नो पार्किंग जोन के बोर्ड के निकट शाहजहांपुर जाने वाली बस काफी देर से खड़ी थी। बस के पीछे ई-रिक्शा खड़ा था। फुटपाथ पर पैदल चलने की जगह नहीं थी।
उदाहरण दो : 10 दिन पहले शहर से हटवाए गए अड्डों से यातायात सुगम हो गया था, जिसकी लोगों ने तारीफ की। यह व्यवस्था ज्यादा दिनों तक नहीं रह सकी। गुरुवार को शहर में संचालित कई अड्डे अपने स्थान से पुन: संचालित होते दिखाई दिए। इन अड्डों के चलते जाम की स्थिति बनी रही।
ऊपर दिए गए दो उदाहरण तो सिर्फ बानगी मात्र है। 10 दिन पहले अवैध अड्डों को लेकर जिला प्रशासन ने जो सख्ती दिखाई थी, उसका कुछ दिनों तक ही असर हुआ। गुरुवार को शहर के कई अवैध बस अड्डे, टैक्सी व टेंपो स्टैंड पर चालक व परिचालक सवारियां बिठाते दिखाई दिए। शहर में घंटाघर रोड पर तहसील सदर के सामने संचालित प्राइवेट बस अड्डा ही वैध है। अन्य बस अड्डे अवैध रूप से संचालित हो रहे हैं। घंटाघर रोड पर सीतापुर जाने के लिए बस अड्डे पर न सवारियां थी और न ही बस खड़ी थी। पिहानी बस अड्डा पर पिहानी जाने के लिए एक बस काफी देर से खड़ी थी। चालक व परिचालक बस में सवारियां बिठा रहे थे। नुमाइश चौराहा से डीएम चौराहा के बीच में मजार के निकट खेरिया जाने के लिए टेंपो अपने स्थान संचालित होते दिखे। इसी तरह बावन जाने के लिए टेंपो नुमाइश चौराहा से बावन चुंगी जाने वाले मार्ग पर खड़े थे। चालक सवारियां बिठाते दिखे। सिनेमा चौराहा के निकट लालपालपुर जाने के लिए सवारियां टेंपो का इंतजार करती दिखीं। सवारियों ने बताया कि कुछ ही समय में टेंपो आने वाला है। टेंपो का संचालन कुछ दिनों के लिए बंद हुआ था। अब फिर से शुरू हो गया है।
बोले जिम्मेदार शहर में अवैध रूप से संचालित प्राइवेट बस अड्डे, टैक्सी व टेंपो स्टैंड को हटवा दिया गया है। अगर कुछ बस अड्डे, टैक्सी व टेंपो स्टैंड पुन: संचालित होने लगे हैं, तो उन्हें भी हटवाया जाएगा। - विनोद यादव, यातायात निरीक्षक