राफेल लेकर अंबाला में उतरे विंग कमांडर अभिषेक, गर्व से झूम उठे हरदोईवासी
चाचा बोले अभिषेक ने एयरफोर्स में भर्ती होकर न सिर्फ अपना सपना पूरा किया बल्कि आज उसने पूरे देश में जिले का नाम भी रोशन किया है।
हरदोई, जेएनएन। शाबास अभिषेक। मेरे लाल ने कमाल कर दिया। बचपन में जिसे गोद में खिलाया, आज दुनिया उसकी आसमान में उ़ड़ान देख रही है। हरदोई के संडीला कस्बे के मुहल्ला बरौनी निवासी सरोज त्रिपाठी यही कहते हुए अपनी खुशी नहीं रोक पा रहे हैं। बुधवार सुबह से ही टीवी पर उनकी निगाहें गढ़ी रहीं। भतीजा विंग कमांडर अभिषेक त्रिपाठी राफेल लेकर अंबाला एयरबेस पर उतरा तो झूम उठे। बोले, मेरे बेटे ने नाम रोशन कर दिया। उनका पूरा परिवार जश्न मना रहा है। संडीला ही नहीं हरदोई वासी खुद को गौरानवित महसूस कर रहे हैं।
संस्कृति के महान विद्वान रहे शिवगोविंद त्रिपाठी के सात पुत्रों में अनिल त्रिपाठी सबसे छोटे हैं। परिवार समेत जयपुर में रहते। अनिल त्रिपाठी के बड़े भाई सरोज त्रिपाठी संडीला में रहते हैं। वह बताते हैं कि उनके अन्य भाई भी जयपुर में रहते हैं। हर साल वह वहां जाते। अभिषेक उनकी गोद में खूब खेला। बचपन से ही वह मेधावी था, जब वह जयपुर जाते तो उन्हें खुद घुमाने ले जाता। क्रिकेट खूब खेलता, पतंगबाजी का शौकीन था और बचपन से ही कहता कि वह ऐसे ही हवाई जहाज उड़ाएगा। अभिषेक ने एयरफोर्स में भर्ती होकर अपना सपना पूरा कर लिया, लेकिन आज उसने न केवल अपना बल्कि पूरे देश में जिले का नाम रोशन किया है। सोमवार को जब उसने राफेल के साथ फ्रांस से उड़ान भरी तो वह भूले नहीं समाए। उन्हें तो पता था कि उनका लाल राफेल लेकर भारत आ रहा है, लेकिन अब पूरा देश खुशियां मना रहा है।
बुधवार की सुबह उन्हें उस पल का इंतजार था जब अभिषेक लेकर अंबाला एयरबेस उतरे। जिसके लिए वह लगातार टीवी पर समाचार देखते रहे और जैसे ही वह उतरा तो घर ही नहीं उनके सभी जानने वाले खुशी से झूम उठे। बताते हैं कि वह तुरंत ही अभिषेक को आशीर्वाद देना चाहते थे, लेकिन उससे तो बात नहीं हो सकी। भाई से जरूर खुशी साझा की। विंग कमांडर अभिषेक त्रिपाठी ने कस्बा का नाम रोशन किया तो सभी खुशी मना रहे हैं। हरदोई जिला वासियों का भी गर्व से सिर ऊंचा हो गया।