कर्ज और तंगी से परेशान किसान ने दे दी जान
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में एक किसान ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर फांसी लगाकर जान दे दी। किसान ने ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त के केसीसी खाते से 89 हजार रुपये का ऋण लिया था। दो माह पूर्व बैंक से रुपये जमा करने के लिए नोटिस भी आई थी। जिससे वह परेशान था।
हरदोई : बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र में एक किसान ने आर्थिक तंगी से परेशान होकर फांसी लगाकर जान दे दी। किसान ने ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त के केसीसी खाते से 89 हजार रुपये का ऋण लिया था। दो माह पूर्व बैंक से रुपये जमा करने के लिए नोटिस भी आई थी। जिससे वह परेशान था।
ग्राम अरसलिया निवासी सरविद पुत्र मल्लहा खेतीबाड़ी करते थे। पत्नी सरिता ने बताया कि 21 अगस्त 2017 में ग्रामीण बैंक ऑफ आर्यावर्त शाखा भैनगांव से 89 हजार रुपये ऋण लिया था। खेत में फसल अच्छी नहीं हुई। जिसके बाद वह परिवार के साथ लुधियाना चले गए। जहां पर भी सही काम नहीं मिला। लॉकडाउन के बाद गांव आ गए और मेहनत मजदूरी करने लगे। दो माह पूर्व बैंक से रुपये जमा करने का नोटिस आया था। जिससे पति काफी परेशान थे। गुरुवार दोपहर को वह घर से निकल गए। देर शाम तक जब वापस नहीं आए तो उनकी तलाश की गई। गांव के बाहर मवेशी चरा रहे लोगों ने उनका शव गांव निवासी प्यारे लाल के बाग में फंदे पर लटका देखा। जिसके बाद घटना की जानकारी परिवारजनों को दी। कोतवाल राजकरन शर्मा ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।