पुलवामा हमले के पीछे राजनीतिक साजिश : कांग्रेस नेता संजय सिंह
कांग्रेस नेता संजय सिंह ने पुलवामा हमले को लेकर दिया बयान जताई राजनीतिश साजिश की आशंका
हरदोई, जेएनएन। कांग्रेस नेता सांसद डा संजय सिंह ने पुलवामा की आतंकी हमले को राजनीतिक साजिश से जोड़कर सनसनी फैला दी है। उन्होंने बीजेपी पर पलटवार करते हुए कहा कि ऐसा क्यों होता है कि जब देश में कहीं चुनाव होता है, उसके एक दो माह पहले ही कहीं आतंकी हमला होता है। सांसद डा. सिंह ने कि उरी में हमला हुआ हो या फिर पठानकोट में आतंकी हमला। हर हमले के बाद चुनाव हुआ, वहीं अब पुरवामा में हुए आतंकी हमले के बाद भी देश में चुनाव होने जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमे शक है कि कहीं इसके पीछे कोई राजनीतिक परिदृश्य तो नहीं बनाया जा रहा है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के चुनाव न लड़ने के सवाल पर उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष ने अभी उन्हें संगठन की जिम्मेदारी सौंपी है। अगर चुनाव में उतारा गया तो प्रियंका गांधी मजबूती से चुनाव भी लड़ेंगी। डा.सिंह हरदोई जिले में हरदोई व मिश्रिख लोक सभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताआें की बैठक करने आए थे। इससे पहले अंबेडकर पार्क में उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताआें के साथ बैठक भी की।