छह पुराने चेहरे, संडीला में अलका और सदर में नितिन को मिला टिकट
-भाजपा ने देर शाम जारी की विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों की सूची -सपा से विधानसभा उपाध्यक्ष रहने के बाद तीन दिन पहले नितिन ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता दिया था त्यागपत्र
हरदोई : विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा ने शुक्रवार देर शाम सूची जारी कर दी। पार्टी शीर्ष नेतृत्व ने सीटिंग सात में से छह विधायकों पर भरोसा जताया है। सदर में सपा से आए नितिन अग्रवाल को टिकट दिया है, जबकि संडीला में विधायक राजकुमार अग्रवाल के स्थान विधानसभा क्षेत्र के बाहर की अलका अर्कवंशी पर दांव लगाया है। प्रत्याशियों की सूची जारी होने से संभावित दावेदारों और विधायकों के टिकट कटने के कयासों पर विराम लग गया।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव व मुख्यालय प्रभारी की ओर से जारी सूची में विधानसभा क्षेत्र सवायजपुर से माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, शाहाबाद से रजनी तिवारी, गोपामऊ से श्याम प्रकाश, सांडी से प्रभाष वर्मा, बिलग्राम-मल्लावां से आशीष सिंह आशू व बालामऊ से रामपाल वर्मा को प्रत्याशी घोषित किया गया है। यह सभी वर्तमान में भी भाजपा से ही विधायक हैं, जबकि हरदोई सदर क्षेत्र से सपा छोड़कर आए नितिन अग्रवाल को टिकट मिला। वैसे तो नितिन अग्रवाल काफी समय से भाजपा में ही सक्रिय हैं और भाजपा ने ही सपा विधायक रहते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष भी बनाया था। नितिन अग्रवाल ने तीन दिन पहले ही सपा की प्राथमिक सदस्यता के साथ ही विधायक व विधानसभा उपाध्यक्ष पद से त्याग पत्र दे दिया था।
संडीला से अलका अर्कवंशी पर पार्टी ने भरोसा जताया है। यहां से अभी तक राजकुमार अग्रवाल विधायक हैं। अलका अर्कवंशी रहीमाबाद क्षेत्र की रहने वाली हैं और उनके पति अनूप सिंह अर्कवंशी आइआरएस हैं और वर्तमान में दिल्ली में तैनात हैं। अलका एमबीए हैं और इनकी ससुराल मूल रूप से लखनऊ के रहीमाबाद में है। माना जा रहा है कि संडीला क्षेत्र में सपा व सुभासपा की बढ़ती सक्रियता को देखते हुए भाजपा ने अर्कवंशी समाज को अपने पक्ष में लाने के लिए यह निर्णय लिया है।